शामली। आदर्श मंडी क्षेत्र के एक गांव की छात्रा ने गांव के ही दो युवकों पर तमंचे के बल पर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता का कहना है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने न तो उसका मेडिकल परीक्षण कराया और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई की। मंगलवार को पीड़िता परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार 7-8 मई की रात गांव का ही एक युवक उसके घर में घुस आया और तमंचा दिखाकर उसे धमकाते हुए अपने मकान पर ले गया। वहां पहले से मौजूद एक अन्य युवक ने भी उसके साथ शारीरिक शोषण किया। घटना के बारे में किसी को बताने पर उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी।
उसने शोर मचा दिया, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। न तो मेडिकल परीक्षण कराया गया और न ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पीड़िता और उसके परिजनों ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संवाद