शामली। जिले में रविवार को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला और सीएचसी पर आयुष्मान भव: मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेलों में बुखार, जुकाम व खांसी के मरीज ज्यादा रहे। रविवार को आयोजित स्वास्थ्य मेलों का टीम जायजा लिया। कहीं पर फार्मासिस्ट ने मरीजों को दवा दी तो कहीं पर चिकित्सक समय से पहले ही उठकर चले गए।
स्थान : पंसारियान की अर्बन पीएचसी, समय : दोपहर 12 बजे
फार्मासिस्ट ने मरीजों की जांच कर दी दवा
शहर के मोहल्ला पंसारियान स्थित अरबन पीएचसी पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में दोपहर साढ़े 12 बजे फार्मासिस्ट विकास कुमार व अन्य स्टाफ मौजूद मिला। उस समय कोई मरीज नहीं था। फार्मासिस्ट ने बताया पीएचसी पर वर्तमान में कोई चिकित्सक नियुक्त नहीं है। उन्होंने बताया 90 नए और 35 मरीज पुराने मिलाकर 125 मरीज आए। इनमें बुखार के 22 मरीज, जुकाम खांसी के 13, शुगर के चार, शरीर में दर्द के 40, एलर्जी के 12 और 24 गर्भवती महिलाएं शामिल रहीं। सभी मरीजों की जांच कर दवा दी गई।
समय से पहले चले गए चिकित्सक, फार्मासिस्ट मिले मौजूद
बरखंडी की पीएचसी, समय : सवा 12 बजे
मोहल्ला बरखंडी स्थित अरबन पीएचसी पर दोपहर सवा 12 बजे फार्मासिस्ट मनु शर्मा मिले। उस समय न तो चिकित्सक उदित भटनागर मिले और न ही उस समय मरीज थे। फार्मासिस्ट ने बताया कि डॉ. उदित कुछ ही देर पहले किसी काम से सीएचसी से गए हैं। इस समय तक पीएचसी पर आए 65 मरीजों की जांच कर उपचार दिया जा चुका था। इनमें बुखार, नजला, खांसी के 18 मरीज, आंखों के चार, एलर्जी के 13 और 9 गर्भवती महिलाओं और अन्य रोगों के मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया।
कैराना सीएचसी कैराना, अरबन पीएचसी कैराना, भूरा पीएचसी, कंडेला पीएचसी, डुंडुखेड़ा पीएचसी व ऊंचागांव पीएचसी पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने 628 मरीजों की जांच करते हुए उन्हें दवा वितरित की। चिकित्साधीक्षक डाॅ. शैलेंद्र चौरसिया ने बताया कि आयुष्मान भव स्वास्थ्य मेले के दौरान बुखार, नजला, खांसी व खुजली के मरीज अधिक आए।
कांधला सीएचसी में मेगा हेल्थ मेले का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख डॉ. विनोद मालिक व एसीएमओ डाॅ. कृष्ण गोपाल और डा. रामबीर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। चिकित्साधीक्षक ने बताया स्वास्थ्य मेले में दंत, हड्डी व अन्य रोगों से संबंधित मरीजों की चिकित्सकों ने जांच कर दवा दी। गर्भवती महिलाओं की भी जांच कर परामर्श दिया। मेगा कैंप में 947 मरीजों की ओपीडी में जांच हुई। इस अवसर पर डॉ. विनोद, मोहम्मद तोहिद, संजय मित्तल, ब्रिजेश जैन, नीरज मलिक, अशोक, डाॅ. रश्मिकांत जैन, सलीम आदि मौजूद रहे। इसके अलावा पीएचसी जसाला पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 17 मरीज आए, जिनमें 13 पुरुष और चार महिला रहीं। बुखार के मरीज ज्यादा रहे। पीएचसी एलम पर डॉ. स्वाति गुप्ता ने बताया आरोग्य मेले में 38 मरीज आए, जिनमें 20 पुरुष, 13 महिला व पांच बच्चे रहे। सबसे ज्यादा मरीज बुखार, इंफेक्शन आदि के पहुंचे।
चौसाना पीएचसी पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में दोपहर 12 बजे तक 70 मरीजाें की जांच कर उपचार दिया। सीएचओ युवराज सिंह, फार्मासिस्ट रणवीर सिंह ने मरीजों की जांच की। पीएचसी पर शाम तक 80 मरीज ही पहुंचे। पहले से सूचना न होने के कारण मरीजों की संख्या कम रही।
-
सीएचसी शामली पर 151 मरीजों की हुई जांच
शामली। सीएचसी शामली पर आयोजित आयुष्मान भव: मेले में चिकित्साधीक्षक डॉ. रामनिवास और चिकित्साधिकारी डॉ. दीपक चौधरी ने मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया। चिकित्साधीक्षक ने बताया कि रविवार को आयुष्मान भव: मेले में 151 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया। इनमें ज्यादातर मरीज बुखार, जुकाम व खांसी के आए। इसके अलावा हड्डी रोग, त्वचा रोग शरीर में दर्द होने के मरीजों और गर्भवती महिलाओं की जांच कर दवा दी गई। सभी मरीज सामान्य बीमारी के रहे और कोई गंभीर बीमारी का मरीज नहीं आया।
-