शामली। शहर के तहसील फीडर और औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे तक बिजली गुल रहने के कारण घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ औद्योगिक इकाइयों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। वहीं, मरम्मत कार्य के चलते मालैंडी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी कुछ समय के लिए बंद रखी गई, जिससे वहां के उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उद्यमी मनोज कुमार, अंकित और पंकज ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन बिजली कटौती की समस्या बनी रहती है। बार-बार बिजली जाने से फैक्टरियों का उत्पादन प्रभावित होता है और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आवश्यक मरम्मत और तकनीकी कार्यों के कारण आपूर्ति कुछ समय के लिए बाधित रही। कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति सामान्य कर दी गई।