कैराना। कस्बे की सत्यम कालोनी में पानी की समस्या से लोग परेशान हैं। रविवार को लोगों ने हाथों में बाल्टियां लेकर पालिका के विरुद्ध कालोनी में प्रदर्शन किया।
कस्बे की सत्यम कालोनी में पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। इस कालोनी में टीचर कालोनी के ट्यूबवेल से ही पानी की सप्लाई की जाती है, लेकिन ट्यूबवेल छोटा होने के कारण सत्यम कालोनी के घरों में पानी की सप्लाई पर्याप्त मात्रा में नहीं हो पाती। शनिवार को कालोनी के लोगों ने नगर पालिका के कार्यालय अधीक्षक राकेश कुमार को शिकायती पत्र देते हुए पानी की समस्या का समाधान कराने की मांग की थी। रविवार को भी समाधान नहीं होने पर कालोनी के लोगों ने प्रदर्शन किया।
नगर पालिका के जल विभाग के लिपिक इनाम बाबू ने बताया कि सत्यम कालोनी के लोग उनके पास आए थे। टीचर कालोनी के ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई की जाती है। कालोनी में लोगों की समस्या के समाधान के लिए नया ट्यूबवेल लगवाने के लिए पालिका चेयरमैन और एसडीएम को अवगत कराया जाएगा। मौके पर कमलेश, नीलम, रीना, शकुन्तला, मोबीन, अजय, सचिन, राहूल, राजपाल, ब्रजपाल आदि मौजूद रहे।