शामली। मंगलवार को दोपहर बाद करीब 2:51 बजे जिले के विभिन्न स्थानों पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के कारण पंखों और घर में रखे सामान को हिलता देखकर लोग घरों से बाहर निकल आए। जिले के किसी भी स्थान पर भूकंप से कोई नुकसान की सूचना नहीं है।
मंगलवार को दोपहर के समय लोग अपने काम करने में जुटे हुए थे। अचानक ही कंपन का अहसास होने पर लोग घबरा गए। लोग घरों से बाहर निकल आए। भूकंप के बाद काफी देर तक लोगों में अफरातफरी का माहौल रहा। पड़ोस और मोहल्ले के लोगों से भूकंप के झटकों की बात साझा की। कैराना, झिंझाना, कांधला, बाबरी, थानाभवन, जलालाबाद आदि में भी भूकंप महसूस किया गया। लोग दुकानों और घरों से बाहर निकल आए। कचहरी में वकील चैंबर बंद कर बाहर आ गए। भूकंप की घटना को लोगों ने फेसबुक, ट्वीटर और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी शेयर किया।