थानाभवन। खेत पर रखे ट्रांसफार्मर से बिजली चोरी करने से रोकने पर बाग ठेकेदारों ने चार किसानों को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से तीन किसानों को बाहर रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले में सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बे के रसीदगढ़ मार्ग पर रेलवे अंडरपास से पहले थानाभवन कस्बा निवासी अमन, शेखर, शिव कुमार व राजेश अपने खेतों पर शुक्रवार रात रखवाली कर रहे थे। आरोप है कि किसानों ने अपने खेत पर रखे ट्रांसफार्मर के पास कुछ लोगों को टॉर्च लेकर खड़े देखा। चारों किसानों ने सोचा कि चोर ट्रांसफार्मर चोरी करने का प्रयास कर रहे हैं। जब किसान मौके पर पहुंचे तो देखा कि ट्रांसफार्मर के पास खड़े लोग पास के लीची के बाग लगे सैकड़ों बल्ब जलाने के लिए केबल डालने का प्रयास कर रहे थे।
किसानों ने विरोध किया तो चोरी कर रहे लोगों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला बोल दिया। उनको उठाकर अपने बाग में ले जाकर बंधक बना लिया। आरोप है कि वहां भी चारों के साथ मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद सूचना पर पहुंची थानाभवन पुलिस ने चारों लोगों को थानाभवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां से अमन, राजेश व शिवकुमार को रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में रासा, मसरूफ, मुनव्वर, मुरसलीन, वसीम, अकरम और समीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
------------------
शीशम के पेड़ काटकर लकड़ी चोरी
जलालाबाद। जलालाबाद देहात के रेलवे मार्ग के निकट कस्बा निवासी साजिद मलिक के खेत हैं। खेत के निकट जिला पंचायत के स्वामित्व की भूमि है। इस भूमि पर शीशम के पेड़ खड़े हैं। पांच दिन पूर्व किसान खेत में पहुंचा तो शीशम के दो से अधिक पेड़ कटे देखे वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी पहुंचे। पेड़ों की जांच कर किसान को कार्रवाई का आश्वासन दिया। किसान ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत कर कार्रवाई मांग की है।