शामली। जिला अस्पताल में मरीजों को जल्द ही हड्डी के ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली पर रखी हड्डी के ऑपरेशन में सहायक सी आर्म मशीन को जल्द ही जिला अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा। मशीन के शिफ्ट होने पर मरीजों के ऑपरेशन शुरू हो जाएंगे।
जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रामनिवास और डॉ. राघव अग्रवाल की नियुक्ति है, लेकिन सी आर्म मशीन न होने से मरीजों को ऑपरेशन की सुविधा नहीं मिल पा रही है। उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली पर सी आर्म मशीन उपलब्ध है, लेकिन वहां पर चिकित्सक का पद रिक्त चल रहा है। इस वजह से वहां आने वाले हड्डी रोग के मरीजों को उपचार नहीं मिल पा रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखी सी आर्म मशीन को जिला अस्पताल में शिफ्ट करने के लिए डीएम रविंद्र सिंह से अनुमति मांगी थी ताकि मरीजों के ऑपरेशन शुरू किए जा सके।
डीएम रविंद्र सिंह ने इसकी स्वीकृति दे दी है। इसके बाद से मशीन को शिफ्ट करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिस कंपनी की मशीन है, उस कंपनी से संपर्क किया गया है। कंपनी के इंजीनियर आकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखी मशीन को जिला अस्पताल में शिफ्ट करेंगे।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि जिला अस्पताल में हड्डी रोग के दो चिकित्सक नियुक्त हैं। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली में हड्डी रोग चिकित्सक का पद रिक्त चल रहा है। इसलिए वहां रखी सी आर्म मशीन को जिला अस्पताल में शिफ्ट करने के लिए डीएम से अनुमति ली गई है। डीएम से स्वीकृति के बाद सीएमओ डॉ. अनिल कुमार से भी मशीन को शिफ्ट करने की स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही मशीन के शिफ्ट होने पर मरीजों के हड्डी संबंधी ऑपरेशन शुरू होे जाएंगे।
-
जिला अस्पताल में रोजाना पहुंच रहे 200 मरीज
जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रामनिवास ने बताया कि ओपीडी में रोजाना लगभग 200 मरीज हड्डी रोग के आ रहे हैं। ज्यादातर मरीज घुटने में दर्द, हाथ पैर में दर्द, पीठ दर्द और हड्डी फ्रैक्चर के आ रहे हैं। वहीं अस्पताल में सी आर्म मशीन न होने के कारण अभी हड्डी के ऑपरेशन नहीं हो रहे हैं। मशीन शिफ्ट होने के बाद ऑपरेशन शुरू किए जाएंगे।
-
पूर्व विधायक ने दान की थी मशीन
पूर्व विधायक सोमांश प्रकाश ने करीब पांच साल पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली को हड्डी के आपॅरेशन के लिए सी आर्म मशीन डोनेट की थी। अब मशीन को जिला अस्पताल में शिफ्ट करने के लिए उनकी स्वीकृति ली गई है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि पूर्व विधायक सोमांश प्रकाश से मशीन को शिफ्ट करने की स्वीकृति ले ली गई है।