शामली। जिले में तापमान बढ़ने के साथ ही अस्पतालों में बुखार के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। तेज धूप व लू की वजह से लोग बीमार हो रहे हैं। अस्पतालों में पिछले एक सप्ताह में बुखार के 20 से 25 प्रतिशत मरीजों की संख्या बढ़ी है। सीएचसी में ओपीडी में मरीजों की भीड़ लगी रह्रती है।
बारिश होने के बाद एक सप्ताह से तेज धूप निकल रही है। चिलचिलाती धूप के साथ कई दिन से लू भी चल रही है। मौसम गर्म होने का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग वायरल बुखार से तप रहे हैं। बच्चों में बुखार के साथ उल्टी दस्त से पीड़ित हो रहे हैं। एक सप्ताह पहले तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली पर ओपीडी में मरीजों की संख्या 550 के आसपास चल रही थी।
शुक्रवार को ओपीडी में मरीजों की संख्या 700 से ज्यादा रही। इस तरह से लगभग 200 मरीज बढ़ गए हैं। चिकित्सक इसकी वजह तेज गर्मी और लू का असर मान रहे हैं। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. बिजेंद्र सिंह ने बताया ओपीडी में लगभग 200 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया। इनमें बुखार के लगभग 40 मरीज आए। पहले बुखार के मरीजों की संख्या कम थी। मौसम की वजह से बुखार के अलावा नजला, जुकाम व खांसी के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। अस्पताल में ओपीडी में आए सभी मरीजों में बुखार के मरीजों की संख्या 125 के आसपास रहती है।
बाल रोग चिकित्सक डॉ. उपकार मलिक ने बताया बच्चों में बुखार के केस बढ़ रहे हैं। इसके अलावा बच्चों में उल्टी दस्त के केस ज्यादा हैं। तेज धूप और लू से बच्चे और बड़े सभी बीमार हो रहे हैं। इसलिए तेज धूप से बचाव करना जरूरी है। सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. रामनिवास का कहना है कि मौसम में गर्मी बढ़ रही है, जिस वजह से मरीज भी बढ़ रहे हैं। ज्यादातर मरीज वायरल बुखार, नजला, जुकाम के आ रहे हैं। अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध है। सभी मरीजों की जांच कर उपचार दिया जा रहा है।
- ये बरतें सावधानी :
- तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
- घर से बाहर निकलते समय सिर पर कपड़ा या टोपी लगाएं।
- पानी व अन्य तरल पदार्थों छाछ व शिकंजी आदि का सेवन ज्यादा करें।
- ज्यादा ठंडी चीजें व पेय पदार्थों से परहेज करें।
- मौसमी फल तरबूज, खरबूजा, ककड़ी व खीरे आदि का सेवन ज्यादा करें।
- शरीर का पसीना सुखाने के बाद ही पानी पीएं और स्नान करें।
- बुखार या अन्य कोई समस्या होने पर चिकित्सक की सलाह से उपचार कराएं।