शामली। अखिल भारतीय विश्वकर्मा पांचाल महासभा की ओर से सम्मेलन और शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। वक्ताओं ने समाज को राजनीतिक हिस्सेदारी देने की मांग उठाई। शिव वाटिका में आयोजित सम्मेलन में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाक्टर वेदप्रकाश पांचाल ने कहा कि समाज को संगठित और जागरूक किया जा रहा है। राजनीतिक दलों ने वोट के चक्कर में समाज को छलने का काम किया है।
समाज की राजनीति में हिस्सेदारी जरूरी है। प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र पांचाल ने कहा कि श्री विश्वकर्मा पांचाल समाज ने मंदिर, धर्मशाला का निर्माण कराकर समाज को आगे बढ़ाने का काम किया है। विश्वकर्मा पांचाल समाज का दिल्ली में विराट सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। हरियाणा की महिला अध्यक्ष बबीता पांचाल ने कहा कि राजनीतिक दलों ने समाज को बांटने का काम किया है। समाज की अधिकता से वह सत्ता परिवर्तन का काम कर सकता है। उन्होंने राजनीति में युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया।
विश्वकर्मा समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र पांचाल, सहारनपुर जिले से भाजपा नेता ओमपाल पांचाल, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य जगदीश पांचाल, महासभा के प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष बिशंबर सिंह मुजफ्फरनगर, मेेेरठ जिले से आए एसपी सिंह अमित विश्वकर्मा, विद्यानंद पांचाल ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष ने तेजपाल प्रधान को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विनोद पांचाल को प्रवक्ता, राजेश्वर पांचाल को कोषाध्यक्ष, अजय भारद्वाज को सूचना प्रचार मंत्री, सुनील कुमार लोनी को उपाध्यक्ष मनोनीत करके जिम्मेदारी सौंपी।
इस मौके पर मनोज पांचाल को शामली का जिलाध्यक्ष, अशोक पांचाल को सहारनपुर जिलाध्यक्ष, राजेंद्र पांचाल को बागपत जिलाध्यक्ष, मांगेराम पांचाल को मुजफ्फरनगर का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। विश्वकर्मा युवा संगठन के राष्ट्रीय संयोजक संजय पांचाल ने युवाओं की टीम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अध्यक्षता रमेश विश्वकर्मा और संचालन संजय पांचाल ने किया।
इससे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने श्री विश्वकर्मा मंदिर में समाज के गरीब असहाय लोगों की निशुल्क चिकित्सा के लिए ओपीडी का शुभारंभ किया।