शामली। गांव सिंभालका स्थित क्रिकेट एकेडमी में होली चाइल्ड सिंभालका और पंवार क्रिकेट एकेडमी सहारनपुर के बीच एक रोमांचक क्रिकेट मैच खेला गया। इस मुकाबले में पंवार क्रिकेट एकेडमी सहारनपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो विकेट से जीत दर्ज की। अमृत पांचाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए होली चाइल्ड एकेडमी की टीम 40.3 ओवर में 199 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। नाहिद ने 46 गेंद में 55 रन और दक्ष संगल ने 43 गेंद में 33 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंवार एकेडमी सहारनपुर ने 39.4 ओवर में आठ विकेट खोकर 201 रन बनाए। युवराज ने 88 गेंद में 80 रन की बेहतरीन पारी खेली और हरदीप ने भी 38 गेंद में 31 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
पंवार एकेडमी की ओर से राघव ने नौ ओवर में 34 रन देकर पांच महत्वपूर्ण विकेट लिए। विराज ने भी 8.4 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट चटकाए। होली चाइल्ड एकेडमी की तरफ से अमृत पांचाल ने 8.3 ओवर में 38 रन देकर चार विकेट हासिल किए। अभिनव ने सात ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट चटकाए।