सीएचसी शामली में आग से जली स्कूटी देखते लोग। संवाद
शामली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी के कक्ष संख्या सात में रविवार सुबह करीब छह बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी, चिकित्सक की कुर्सी व मेज आदि सामान जल गया। आग लगने के दौरान अस्पताल परिसर में अफरातफरी मची रही। दमकल की गाड़ी ने मशक्कत कर आग बुझाई।
सीएचसी के इमरजेंसी वार्ड के पास कक्ष नंबर सात में डॉ. दीपांशु अग्रवाल की ओपीडी हैं। रविवार को कक्ष बंद था। सुबह करीब छह बजे अचानक कक्ष में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कक्ष से धुआं व आग की लपटे खिड़कियों से बाहर आने पर वहां मौजूद लोग और अस्पताल स्टाफ दौड़ा। कमरे में खड़ी फार्मासिस्ट की इलेक्ट्रिक स्कूटी को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। अस्पताल कर्मियों ने सूचना अग्निशमन विभाग को दी। दमकल की गाड़ी के साथ कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से चिकित्सक की कुर्सी व मेज और बिजली फिटिंग की वायरिंग जल गई। कक्ष की दीवारें भी आग की लपटों से काली पड़ गई। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई।
रात में चार्जिंग पर लगाई थी स्कूटी
बताया गया है कि इलेक्ट्रिक स्कूटी को शनिवार रात में कक्ष में खड़ी कर चार्जिंग पर लगाया गया था। हालांकि देर रात करीब 11 बजे स्कूटी की चार्जिंग बंद कर दी गई थी। सुबह स्कूटी में शॉर्ट सर्किट हुआ या बिजली की फिटिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। यह स्पष्ट नहीं हो सका।
कक्ष की खिड़की के शीशे तोड़कर पानी डाला
आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फायर स्टेशन प्रभारी युवकेश ने बताया कि आग लगने के दौरान पूरे कक्ष में धुआं बहुत ज्यादा था। धुएं के कारण अंदर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। कक्ष की खिड़की का शीशा तोड़कर पाइप से अंदर पानी डाला गया। इसके अलावा दरवाजे से भी कक्ष के अंदर पानी डाला गया। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
सीएचसी शामली में आग से जली स्कूटी देखते लोग। संवाद