शामली। जिले की 17 ग्राम पंचायतों मेंं पंचायत सहायक एवं एकाउटेंन्ट-कम-डाटा-इंट्री ऑपरेटर की तैनाती की जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी संदीप अग्रवाल ने बताया कि 17 ग्राम पंचायतों में कैराना ब्लाॅक के गोगवान, कांधला ब्लाॅक की इस्सोपुरटील, ताहिरपुर भभीसा, शामली ब्लाॅक में ताजपुर सिंभालका, चूनसा, झाल, बरला जट, खानपुर एवं गोहरनी, ऊन ब्लाॅक की ग्राम पंचायत दथेड़ा, भमेड़ी शाहपुर, कालमाजरा, आकापुर उर्फ फूंसगढ, पीरखेड़ा, पेलखा, लव्वादाऊदपुर एवं बसी चुंधियारी में पंचायत सहायक, एकाउटेंट-कम-डाटा-इन्ट्री ऑपरेटर के खाली पद को भरने के निर्देश दिए गए थे।
पंचायत सहायक एकाउटेंट-कम-डाटा इंट्री ऑपरेटर के चयन के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित करने के बाद ग्राम पंचायत के सूचना पट्ट चस्पा किए जाएंगे। मुनादी करने और 10 जून से लेकर 12 जून तक जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, ब्लॉक कार्यालय में आवेदन पत्र जमा कराने का समय दिया गया है।
उन्होंने बताया कि 13 जून से 28 जून तक जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय व विकास खण्ड कार्यालय में प्राप्त आवेदन पत्रों को संबंधित ग्राम पंचायत को उपलब्ध कराकर 29 जून से लेकर चार जुलाई तक ग्राम पंचायत में प्राप्त आवेदन पत्रों की श्रेष्ठता सूची तैयार होगी। मेरिट लिस्ट तैयार करके ग्राम पंचायत की प्रशासनिक समिति के समक्ष प्रस्तुत करना है। पांच जुलाई से 11 जुलाई तक डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा परीक्षण किया जाएगा। 12 जुलाई से 18 जुलाई को छह ग्राम पंचायत द्वारा नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।