युवक को सम्मानित करते एसपी और चेयरमैन झिंझाना।
- फोटो : अमर उजाला
कैराना। चार दिन पूर्व पंजाब की नाभा जेल ब्रेक के मास्टर माइंड को कैराना पुलिस ने बाजार में भागते समय गिरफ्तार कर लिया था। पलविंदर को पकड़ने में कैराना के दो युवको ने भी सहयोग दिया था। बृहस्पतिवार को एसपी ने ईदगाह पर आयोजित सम्मान समारोह में पहुंचकर दोनों युवकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
बृहस्पतिवार को एसपी शामली डा. अजयपाल शर्मा कस्बे के ईदगाह के पास आयोजित सम्मान समारोह में पहुंचे। उन्होंने बताया कि नगर के मोहल्ला इकरामपूरा निवासी कय्यूम और इस्लाम ने उस समय पुलिस का सहयोग किया कि जब पंजाब की नाभा जेल को ब्रेक कर मास्टर माइंड पलविंदर अपनी फार्च्यूनर गाड़ी से देहरादून के लिए पानीपत-खटीमा मार्ग से गुजर रहा था। जेल ब्रेक के बाद पूरे उत्तर प्रदेश सहित हरियाणा व अन्य प्रदेशों को हाई अलर्ट कर दिया था।
इसको लेकर कैराना पुलिस ने पिंदा को गिरफ्तार करने के लिए खटीमा मार्ग पर घेर लिया, लेकिन वह गाड़ी को छोड़ कर बाजार की ओर भागा था, इकराम आैर इस्लाम ने बहादुरी का परिचय देते हुए पुलिस को सहयोग किया और उसको पुलिस के साथ घेर कर पकड़वा दिया। इससे नगर ही नहीं पूरे देश-प्रदेश में दोनों बहादुरों पर नाज है। झिंझाना चेयरमैन शराफत अली, शहजाद अली अधिवक्ता, सीओ कैराना भूषण वर्मा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक उमेश रोरिया आदि मौजूद रहे।