एक अक्तूबर से होगी धान की खरीद, तैयारी शुरू
शामली। एक अक्तूबर से धान की खरीद शुरू करने की जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिले में क्रय केंद्रों पर एक अक्तूबर से कॉमन धान 2040 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान 2060 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमलेश सिंह ने बताया कि खाद्य विभाग के ई-उपार्जन पोर्टल पर कृषकों को पंजीयन कराना आवश्यक है। धान खरीद के लिए किसानों का पंजीयन पोर्टल पर प्रारंभ हो चुके हैं। विभाग के पोर्टल www. fcs. up. gov.in पर पंजीकरण करा सकते हैं। जिन किसानों ने रबी विपणन वर्ष 2022-23 में गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण कराया था, उन्हें भी दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता है। किसान पंजीकरण के समय अपने आधार कार्ड, मोबाइल नंबर अंकित कराए। जिससे एसएमएस से प्रेषित ओटीपी नंबर को भरकर पंजीकरण प्रक्रिया को पूर्ण कर सकेंगे। किसान पंजीयन प्रपत्र में अपना बैंक खाता संख्या, आईएफएससी कोड, भूमि का रकबा, बोए धान का रकबा सावधानी से भरें, जिससे समय से सत्यापन हो सके। जिससे धान विक्रय व भुगतान में असुविधा न हो। बिना पंजीयन किसान सरकारी केंद्र पर अपना धान बेच नहीं पाएंगे। किसान सीबीएस युक्त राष्ट्रीयकृत और अनुसूचित बैंकों में खोले गए खाते की संख्या ही पंजीयन में भरें। उन्होंने बताया कि किसानों को धान विक्रय के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 2040 रुपये प्रति क्विंटल कॉमन धान के लिए और 2060 प्रति क्विंटल ग्रेड-ए धान के लिए भुगतान किया जाएगा।