- मामले को लेकर जल्द पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर शिकायत भी करेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी,
थाना भवन। दो गोवंश की मौत मामले में हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों में आक्रोश व्याप्त है। बैठक कर आक्रोश जताते हुए कहा कि दोनों गोवंशों को जहरीला पदार्थ देकर मारा गया है। हालांकि पुलिस रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।
शनिवार को सुबह पुलिस को सूचना मिली कि गांव हिंड पुलिया दिल्ली सहारनपुर रोड के किनारे पर कुछ गोवंश मरे पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था और क्षेत्राधिकारी श्रेष्ठा ठाकुर, थाना प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह मौके पर पहुंचे थे। सूचना पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। कहा था कि जहरीला पदार्थ देकर दोनों गोवंशों को मारा गया है। जबकि दूसरी तरफ सड़क हादसे में मौत की बात कहीं जा रही थी। चिकित्सकों की टीम ने पशुओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए थे। दूसरे दिन भी सैंपल रिपोर्ट नहीं आ सकी।
रविवार को मंदिर ठाकुर द्वारा में हिन्दू संगठन के पदाधिकारी विहिप के जिला कार्यवाह अध्यक्ष प्रदीप पुण्डीर, विद्यार्थी प्रमुख तुषार पंडित, प्रखंड मंत्री विवेक शर्मा, आकाश शर्मा अश्वनी, दुष्यंत आदि ने बैठक कर निर्णय लिया जांच रिपोर्ट आने के बाद वे पुलिस प्रशासन से मिलकर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। गोवंशों को मारने वालों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।