शामली। थल सेना के लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) निरंजन सिंह मलिक ने कहा कि युवाओं को जागरूक बनाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। युवाओं से अपने अनुभव साझा करें, ताकि देश की रक्षा के लिए युवा वर्ग हमेशा तत्पर रहें।
शनिवार को नगर पालिका परिषद के सभागार में आयोजित एक्स सर्विसमेन वेलफेयर समिति (पूर्व सैनिक संगठन) के अभिनंदन समारोह में पहुंचे लेफ्टिनेंट जनरल निरंजन सिंह मलिक का पूर्व सैनिकों ने बुके देकर सम्मान किया। कहा कि मौजूदा दौर में काफी बदलाव आया है। केंद्र सरकार सेना के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
वहीं, तकनीकि रूप से भी सेना को मजबूत किया जा रहा है। ऐसे में हम सब पूर्व सैनिकों की जिम्मेदारी है कि युवा वर्ग को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित करें। उनको प्रारंभिक तौर पर दक्ष बनाया जाए, ताकि वह देश की रक्षा के लिए आगे आ सकें। पूर्व सैनिकों की सहूलियतों पर भी गंभीरता से काम किया जा रहा है। शामली में पूर्व सैनिकों के लिए हेल्थ सेंटर और कैंटीन की व्यवस्था भी जल्द कराई जाएगी।
डीएम ओपी वर्मा ने कहा कि पूर्व सैनिकों को यदि किसी भी प्रकार की समस्या है, तो वह सीधे उनसे संपर्क करें। वहीं, कैंटीन, सोल्जर बोर्ड और हेल्थ सेंटर की स्थापना के लिए कलक्ट्रेट मुख्यालय पर भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
उधर, सहारनपुर से आए स्टेशन हेडक्वार्टर कर्नल विशाल नंदा ने सभी पूर्व सैनिकों को नववर्ष की शुभकामना दीं। उन्होंने भी सोल्जर बोर्ड, कैंटीन और हेल्थ सेंटर बनवाने में पूर्ण सहयोग देने की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता सूबेदार महादेव लिलौन तथा संचालन तेजपाल वशिष्ठ ने किया। इस दौरान कैप्टन यशपाल सहरावत, एसडीएम शामली और तहसीलदार ने भी विचार रखे।
अंत में दो मिनट का मौन रखकर पठानकोट में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मौके पर समिति के अध्यक्ष योगेंद्र कुमार मलिक, महासचिव रविंद्र मलिक, विजयपाल सिंह, विजेंद्र सिंह मलिक, सलेक चंद, विनोद कुमार, तेजपाल सिंह, सतेंद्र कुमार आदि करीब 175 पूर्व सैनिक कार्यक्रम में मौजूद रहे।