ऑनलाइन ठगी गई रकम खाते में वापस कराई
शामली। गांव कुड़ाना निवासी सैन्य कर्मी गौरव मलिक ने चार जनवरी को साइबर सेल को सूचना दी कि छुट्टी पर घर आते समय 31 दिसंबर को उनका एटीएम कार्ड दिल्ली में कहीं गिर गया। एटीएम खोने पर वह कस्टमर केयर नंबर पर कॉल कर एटीएम ब्लॉक कराने का प्रयास किया।
कॉल रिसीव न होने के कारण एटीएम ब्लॉक नहीं हो सका। इसी दौरान उसके पास कॉल आई। कॉलर ने खुद को बैंक की मुख्य शाखा कर्मचारी बताते हुए खोए हुए एटीएम की जानकारी करते हुए उसे मेसेज के माध्यम से लिंक भेजा। एक जनवरी की शाम उसके मोबाइल पर ओटीपी आया। उसी नंबर से उससे ओटीपी नंबर की जानकारी ले ली। इसके बाद उसके खाते से तीन ट्रांजेक्शन दो-दो लाख की यानि छह लाख रुपये निकाल लिए। साइबर सेल प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि ऑनलाइन ट्रांजेक्शन ई- वालेट के माध्यम से किया गया था। इस संबंध में शहर कोतवाली में गौरव की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई। साइबर सेल प्रभारी ने बताया कि इस मामले से जुड़ी भी डिजिटल जानकारियों को संबंधित बैंक/ ई- वालेट से संपर्क किया गया और ठगों द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों को सीज कराते हुए जवान के खाते में 4,99,806 रुपये वापस कराए गए।