संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले में भीषण गर्मी और उमस का असर परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों पर लगातार दिखाई दे रहा है। स्कूल खुलने के दूसरे दिन भी तीन विद्यालयों में तीन विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ने के मामले सामने आए। तेज धूप और उमस के कारण बच्चों को चक्कर आने, घबराहट और कमजोरी की शिकायत हुई, जिसके बाद शिक्षकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और अभिभावकों को सूचना देकर घर भेजा।
बुधवार को अधिक गर्मी के कारण प्राथमिक विद्यालय मरगूबगढ़ में कक्षा दो के छात्र लव की दोपहर 11.30 बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई। प्रधानाध्यापिका मंजू राठी ने बताया कि बच्चे को प्राथमिक उपचार देते हुए बच्चे के अभिभावक को बुलाकर घर भेज दिया गया। वहीं दूसरा मामला किसान जूनियर हाईस्कूल दखोड़ी जमालपुर का सामने आया। एक छात्रा बेहोश हो गई, जिसके बाद दो छात्राओें ने बेहोशी की हालत में छात्रा को कुर्सी पर बैठाया।
प्रधानाध्यापिका दीपिका अग्रवाल ने बताया कि गर्मी के कारण बच्चों को काफी परेशानी हो रही है। वहीं प्राथमिक विद्यालय जलालाबाद में दूसरे दिन भी एक छात्रा इल्मा बेहोश हो गई व अन्य कई बच्चों को बुखार की शिकायत के चलते अभिभावकों को बुलाते हुए घर भेज दिया गया है। वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार का कहना है कि अभी समय कम करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
प्राथमिक विद्यालय मरगूबगढ़ में कुर्सी पर बेहोश बैठा छात्र। संगठन
प्राथमिक विद्यालय मरगूबगढ़ में कुर्सी पर बेहोश बैठा छात्र। संगठन