दूसरे दिन 61 ग्राम प्रधानों ने ली शपथ
शामली। जिले की 61 ग्राम पंचायतों में दूसरे दिन ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई गई, जबकि एक दिन पहले 133 ग्राम प्रधानों ने शपथ ली थी। 36 ग्राम प्रधान कोरम पूरा नहीं होने से शपथ ग्रहण से वंचित रह गए हैं। संगठित हो चुकी ग्राम पंचायतों की पहली बैठक बृहस्पतिवार को होगी।
जिले की 230 ग्राम पंचायतों में से 36 पंचायतों में सदस्यों का चुनाव नहीं होने के कारण पंचायतों का गठन नहीं हो सका है। इसलिए कुल 194 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों एवं सदस्यों को ही शपथ दिलाई जा सकी है। इनमें 133 को मंगलवार को शपथ दिलाई गई थी, जबकि 61 ग्राम पंचायतों में बुधवार को शपथ ग्रहण हुई। बीडीओ ने वर्चुअल शपथ ग्रहण कराई। दूसरे दिन ऊन ब्लॉक की 19, कैराना की 16, थानाभवन की 17, कांधला नौ ग्राम पंचायतों में शपथ दिलाई गई, जबकि शामली ब्लॉक की संगठित हो चुकी ग्राम पंचायतों में पहले दिन ही शपथ हो चुकी है।
16 ग्राम प्रधानों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
कैराना। कैराना ब्लॉक की 16 ग्राम पंचायतों में दूसरे दिन नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। ब्लॉक की 42 में से 38 ग्राम पंचायतों के प्रधानों व सदस्यों को दो दिन शपथ ग्रहण कराया गया। बुधवार को पहली शिफ्ट में सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक ग्राम पंचायत हिंगोखेड़ी, भूरा, बधेव कन्नूखेड़ा, गंदराऊ, तीतरवाड़ा, जहानपुरा, बसेड़ा, मवी हैदरपुर, कसेरवा कलां व कसेरवा खुर्द तथा दूसरी शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक ग्राम पंचायत बराला मोहम्मदपुर राई, सहपत, बरनावी, टिटौली व झाड़खेड़ी के ग्राम प्रधानों व सदस्यों को नवनियुक्त बीडीओ जितेंद्र कुमार मिश्रा ने अपने कार्यालय में बैठकर वर्चुअल तरीके से शपथ दिलाई।
बीडीओ ने दिलाई प्रधानों को शपथ
थानाभवन। बीडीओ पंकज कुमार ने 17 ग्राम प्रधानों को वर्चुअल शपथ दिलाई। ब्लॉक की 50 ग्राम पंचायतों में से सात संगठित नहीं हो सकी हैं। इसलिए 43 ग्राम प्रधानों की ही शपथ हुई। इनमें से मंगलवार को 26 और बुधवार को 17 ग्राम पंचायतों में शपथ हुई।
गढ़ीपुख्ता में क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में सुबह 11 बजे व दोपहर बाद दो बजे तक ग्राम प्रधानों को शपथ ग्रहण कराई गई। गांव पलठेड़ी में ग्राम प्रधान अफसाना चौधरी व सदस्यों को ग्राम सचिव नीरज जैन, मानकपुर में ग्राम प्रधान अरविंद कश्यप व सदस्यों को एडीओ पंचायत अधिकारी सोम प्रकाश की मौजूदगी में शपथ दिलाई गई। हथछोया में प्रधान देवेंद्र तोमर को पंचायत सचिव नकुल चौहान, अहमदपुर में ग्राम प्रधान हिना सिंह को पंचायत सचिव तनवीर आलम की मौजूदगी में शपथ दिलाई गई। गढ़ीपुख़्ता क्षेत्र के गांव पेलखा , दुल्लाखेडी, भाट्टू , गंदेवड़ा, राझड़, खेड़की में ग्राम पंचायत सदस्यों का कोरम पूरा नहीं होने पर शपथ नहीं हो सकी।
आचार संहिता समाप्त होते ही नए बीडीओ की तैनाती
कैराना। खंड विकास अधिकारी गोपाल कृष्ण चौधरी का स्थानांतरण होने के बाद से जिला उद्यान अधिकारी डॉ. हरित कुमार कैराना बीडीओ का चार्ज संभाल रहे थे। पंचायत चुनाव की आचार संहिता समाप्त होने के बाद बुधवार को डॉ. हरित कुमार से अतिरिक्त कार्यभार वापस लेने के साथ ही जितेंद्र कुमार मिश्रा की कैराना बीडीओ के पद पर तैनाती दी गई है। बुधवार को नवनियुक्त बीडीओ जितेंद्र कुमार मिश्रा ने ही ग्राम प्रधानों को वर्चुअल तरीके से शपथ दिलाई।