शामली। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन रविवार को भी तमाम सरकारी दफ्तर खुले रहे। कलक्ट्रेट से लेकर कोषाधिकारी कार्यालय और विभिन्न दफ्तरों में कर्मचारी, अधिकारी पूरे वर्ष का लेखाजोखा समेटने में लगे रहे। दिन में ही नहीं, बल्कि रात में भी दफ्तरों में कामकाज होता रहा। यही स्थिति बैंक शाखाओं में भी रही।
रविवार का दिन होने के कारण अवकाश था, लेकिन वित्तीय वर्ष का अंतिम दिन होने के कारण सरकारी विभागों में अवकाश निरस्त कर दिया गया था। शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी ने भी निर्देश दिया था कि इस दौरान कर्मचारी और अधिकारी अवकाश पर नहीं रहेंगे। इसके चलते सुबह से सरकारी दफ्तर खुले रहे। कलक्ट्रेट, विकास भवन, जिला पंचायत राज विभाग, जिला विकास विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, तहसील, जिला कोषाधिकारी कार्यालय, बेसिक शिक्षा विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक, सीएमओ कार्यालय, लोक निर्माण विभाग समेत सभी अन्य विभागों के कार्यालयों में भी दिनभर कामकाज होता रहा। इस कारण रात तक कलक्ट्रेट में कर्मचारी और अधिकारी अपने-अपने पटल पर कार्य में व्यस्त रहे। इसी तरह जनपद में पीएनबी, एसबीआई, ग्रामीण बैंक, एलआईसी सहित अन्य बैंक शाखाओं में रात आठ बजे से बाद तक कामकाज होता रहा।