शामली। नगरपालिका परिषद शामली की बोर्ड की बैठक में स्वकर निर्धारण प्रणाली का प्रस्ताव पास नहीं हो सका। बैठक में आय व्यय का विवरण रखा गया, जो सर्वसम्मति से पास हो गया। इसके अलावा बोर्ड बैठक में अन्य विकास संबंधी प्रस्ताव पारित हो गए।
शुक्रवार को चेयरपर्सन अंजना बंसल की अध्यक्षता में पालिका बोर्ड की बैठक में 20 सभासद मौजूद रहे जबकि पांच सभासद अनुपस्थित रहे। बैठक में अगस्त माह की आय 19347174 व्यय 13088599 रुपये, सितंबर माह की आय 24423023 रुपये व्यय 21047506 रुपये, अक्तूबर माह की आय 35172760 रुयये, व्यय 33932686 रुपये और नवंबर माह की आय 2487676 रुपये और व्यय 20423441 रुपये का प्रस्ताव रखा गया। सभासदों ने की सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित हो गया।
बैठक में शहर में स्वकरण निर्धारण प्रणाली लागू करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसका सभासदों ने विरोध करते हुए कहा कि शहर में पिछले साल ही भवन एवं जलकर मूल्य बढ़ाया गया था। स्वकर निर्धारण प्रणाली लागू होने से जनता पर बोझ बढ़ेगा। सभासदों के विरोध के चलते यह प्रस्ताव पारित नहीं हो सका। इसके अलावा बिल्डिंग (भवन, हॉल, फ्लैट आदि) बनाने के लिए पानी का कनेक्शन स्वीकृत न किया जाना, पानी के कनेक्शन हेतु रोड कटिंग चार्ज पक्की सड़क हेतु 2000/- प्रति वर्गमीटर एंव कच्ची सडक हेतु 500/-प्रति वर्गमीटर किया जाने संबंधी प्रस्ताव भी पारित नहीं हो सके। बैठक में ई रिक्शा पर टैक्स लगाने और शहर में होर्डिग्स आदि लगाकर प्रचार प्रसार करने वालों से टैक्स लेने पर चर्चा की गई, लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका। बैठक में विकास कार्यों से संबंधित सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था सहित करीब 13 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए। बैठक का संचालन पालिका के ईओ सुरेंद्र सिंह ने किया।
डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में अनियमितता की होगी जांच
सभासद निशीरानी, अनिल उपाध्याय, राजीव गोयल और पंकज गुप्ता द्वारा डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में अनियमितता और घरों से कूड़ा न लेने की शिकायत पर पालिका चेयरपर्सन ने कहा कि वे उन्हें कुछ ऐसे घरों की सूची उपलब्ध कराएं, जहां से नियमित रूप से कूड़ा नहीं लिया जा रहा है। उसकी जांच कराई जाएगी।
---------
बोर्ड बैठक में ये रहे मौजूद
सभासद मालिनी गर्ग, प्रमेन्द्र निर्वाल, हाजी खालिद , विनोद कुमार, रीना निर्वाल, शायरा बानो, सुशीला देवी, रीटा, सपन मोहन मित्तल, राजीव गुप्ता, राजीव निर्वाल, पंकज कुमार, लोकेश सैनी, शाहिदा, अनिल उपाध्याय, राशिदा, किरण देवी, संजीव कुमार, आशुतोष पंवार, निशि रानी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक आदेश सैनी,राखी यादव, जेई (सिविल) मूलचंद, जेई (जल) विशाल तोमर, लिपिक राकेश कांबोज, अनिल शर्मा, लक्ष्मण सिंह, सुभाषचंद आदि मौजूद रहे।