कैराना। मोबाइल पर ऑनलाइन गेमिंग दिन-प्रतिदिन बच्चों के लिए खतरा बनती जा रही है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें ऑनलाइन गेमिंग के दौरान एक युवक ने चैटिंग करते हुए शिक्षक दंपती की 9 वर्षीय पुत्री के अश्लील फोटो व वीडियो बना ली। बालिका के पिता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले में साइबर सेल अपराधी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
वर्तमान में मोबाइल पर ऑनलाइन गेम धड़ल्ले से खेले जा रहे हैं, जो बच्चों के लिए दिन-प्रतिदिन खतरनाक साबित हो रहा है। बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि वह और उनकी पत्नी एक निजी स्कूल में पढ़ाते हैं। बुधवार को वह दोनों अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे। घर पर उनकी 9 वर्षीय बेटी थी। बेटी ने मोबाइल पर आनलाइन गेम खेला। इस दौरान एक युवक ने उनकी बेटी के साथ चैटिंग शुरू कर दी। चैटिंग से ही व्हाट्सअप नंबर ले लिया। उनकी मासूम बेटी को आरोपी के गलत इरादों की जरा भी भनक नहीं लगी। इसके बाद आरोपी ने अश्लील चैटिंग के अलावा उनकी बेटी के अश्लील फोटो व वीडियो भी बना ली। जब वे घर पर आए तो मासूम बेटी ने सब कुछ बता दिया। इंस्पेक्टर क्राइम नेत्रपाल सिंह ने बताया कि तहरीर को साइबर सेल को भेज दिया गया है।
बच्चों को ऑनलाइन गेम से बचाएं : साइबर सेल प्रभारी
साइबर सेल प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव भटनागर ने बताया कि उन्हें तहरीर मिली है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपने बच्चों को छोटी उम्र में मोबाइल से जहां तक हो सके दूर ही रखें। मोबाइल में ऑनलाइन गेम पर रजिस्टर्ड न करें। बच्चों के हाथ में मोबाइल अपनी मौजूदगी में ही दें। साथ ही अंजान नंबर से आए लिंक को न खोलें। मोबाइल के अधिक प्रयोग से बच्चों की आखों के अलावा स्वास्थ्य व मन पर बुरा असर पड़ता है। इसलिए बच्चों को मोबाइल का कम प्रयोग करने देना चाहिए।