अब कुसुम योजना से चलेंगे किसानों के ट्यूबवेल
थानाभवन। विद्युत लाइनों से वंचित किसानों को अब अपने खेतों की सिंचाई के लिए परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके चलते जल्द ही जिले सहित पूरे राज्य मे कुसुम योजना को लांच करने जा रही है। इस योजना के तहत किसानों के नलकूपों को सोलर पैनल के जरिये चलाया जाएगा, जिससे किसान फायदे के साथ बिजली के भी अतिरिक्त खर्च से बच पाएंगे।
दरअसल, सरकार ने इस योजना को किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए लांच करने की तैयारी की है। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता सुरेश चंद ने बताया कि कुसुम योजना यानी किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान को सरकार जल्द लांच करने की तैयारी कर रही है। फिलहाल इस योजना का दायरा ऐसे किसानों के खेतों तक जुड़ा है, जिनके खेतों तक निगम की लाइनें नहीं पहुंच पा रही और उन्हें दूरदराज स्थित दूसरे नलकूपों से पानी लाकर अपने खेतों की सिंचाई करनी पड़ रही है। अभी तक सरकार ने इस योजना को लेकर पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं की है, लेकिन, योजना के तहत ऐसे किसानों के नलकूपों को सोलर पैनल से जोड़ा जाएगा, जहां पानी की कोई सुविधा नहीं है। यह बातें भी सामने आ रही हैं कि इस योजना से लाभ लेने वाले किसानों को सोलर पैनल के लिए कुल खर्च का मात्र दस फीसदी पैसा ही जमा करना होगा। बाकी 90 फीसदी पैसा रंाज्य व केंद्र सरकार सब्सिडी के रूप में खर्च करेगी। अधिशासी अभियंता ने बताया कि जल्द ही सरकार की ओर से इस योजना को लेकर पूरी गाइडलाइन जारी हो जाएगी। उसके बाद पूरी स्थिति और नियम-शर्ते आदि की जानकारी होगी।
बाद में सभी के लिए
विभागीय सूत्रों की मानें तो शुरू में यह केवल बिजली से वंचित किसानों के लिए योजना को लागू किया जाएगा, लेकिन, बाद में सभी इच्छुक किसान इस योजना का लाभ ले सकें। इसके लिए भी विभागीय अधिकारी मंथन कर रहे हैं।
बचेगा बिजली का खर्च
अधिशासी अभियंता ने बताया कि वर्तमान में नलकूप के बिजली का बिल का किसान पर अधिक भार पड़ता है। साथ ही भविष्य में मीटर लगने के बाद भी यह भार और भी बढ़ जाएगा। जब इन नलकूपों को पैनल से जोड़ दिया जाएगा तो बिजली का खर्च न के बराबर होगा।