कांधला के गांव गढ़ीदौलत में आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : SHAMLI
मां बेटी की हत्या की फरार आरोपी के घर कुर्की का नोटिस चस्पाया
शामली, कांधला। क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत में मां-बेटी को जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने के मामले में फरार चल रही महिला के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया है। महिला के कोर्ट में पेश नहीं होने पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू के मजरा गढ़ीदौलत निवासी फुरकाना और उसकी बेटी नबिया को 22 सितंबर को जहर देने का आरोप लगा था। जिसमें मां-बेटी की मौत हो गई थी। मामले में प्रधान पति राशिद जंग के अलावा मजाहिर, रफाकत, आबिद, जहूर व महिला मोमिना के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में पुलिस ने मजाहिर, रफाकत, आबिद और जहूर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वांछित प्रधानपति राशिद जंग ने कैराना स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अलका यादव की कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। मजाहिर की पत्नी मोमिना हत्या के बाद से ही फरार चल रही है।
शनिवार को पुलिस ने हत्या के मामले में फरार मोमिना के घर पहुंचकर कुर्की का नोटिस चस्पा किया है। महिला के कोर्ट में पेश न होने पर कुर्की की कार्रवाई की चेतावनी दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि महिला के कोर्ट में पेश न होने पर महिला के मकान की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।