- 200 मीटर पर लगेगा बैरियर, दो सेक्शन पीएसी रहेगी तैनात
- प्रत्याशी प्रस्तावक समेत चार लोग नामांकन पत्र स्थल पर जा सकेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। नगर निकाय चुनाव के अध्यक्ष व सदस्य पद के लिए निर्वाचन के लिए नामांकन पत्र कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच दाखिल होंगे। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में नामांकन होगा। नामांकन स्थल से 200 मीटर पहले चेक पोस्ट या बैरियर लगाकर अंदर जाने वाली भीड़ को रोक दिया जाएगा। प्रत्याशी अपने साथ प्रस्तावक समेत चार व्यक्ति अंदर जा सकेंगे। प्रत्येक नामांकन स्थल पर सीओ के साथ में दो सेक्शन पीएसी तैनात रहेगी।
एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि नामांकन स्थल से 200 मीटर पहले बैरियर लगाकर पुलिस व पीएसी को तैनात किया जाएगा। भीड़ को अंदर आने से रोका जाएगा। मुख्य गेट पर पुलिस चेकिंग और पूछताछ के बाद अंदर जाने देगी। मुख्य गेट और नामांकन कक्ष मेें सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रत्याशियों को मेटल डिटेक्टर गेट से गुजरना होगा। प्रत्याशी के साथ प्रस्तावक समेत चार लोग जा सकेंगे। नामांकन पत्र स्थल पर आने-जाने वालों की वीडियो रिकाॅर्डिंग होगी। उन्होंने बताया कि सदर, कैराना और ऊन तहसील में सीओ के नेतृत्व में थाना प्रभारी और दो-दो सेक्शन पीएसी लगाई गई है।
9 लाख रुपये होगी खर्च सीमा
शामली। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र शुल्क 500 रुपये होगा। जमानत राशि 8000 रुपये होगी। आरक्षित वर्ग के लिए नामांकन शुल्क और जमानत राशि आधी होगी। नगर पंचायत अध्यक्ष का नामांकन पत्र 250 रुपये और जमानत राशि 5000 रुपये होगी। आरिक्षत वर्ग के उम्मीदवारों को यह धनराशि आधी ही देनी पड़ेगी। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के चुनाव में प्रत्याशी 9 लाख रुपये खर्च कर पाएंगे। नगर पालिका सदस्य दो लाख रुपये खर्च कर सकेंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 2.5 लाख और सदस्य पद के लिए 50 हजार रुपये खर्च निधार्रित किया गया है।