शामली। जाम से शहर के लोगों को निजात नहीं मिल रही है। हर रोज अलग अलग स्थानों पर जाम से बुरा हाल रहता है। मिल का पेराई सत्र शुरू होने के बाद भी शहर में जाम की समस्या ज्यादा बढ़ गई है। बावजूद इसके इस विकराल समस्या के लिए ट्रैफिक पुलिस ध्यान नहीं दे रही है।
शहर में हर रोज लगने वाले भीषण जाम ने लोगों के हाल खराब कर दिए है। स्कूल की छुट्टी के समय भी स्कूल वाहन कई घंटों तक शहर में जाम में फंसे रहते है। इस कारण बच्चे अपने घर कई घंटे देरी से पहुंच रहे है। बच्चों के परिजन देरी होने पर परेशान नजर आने लगते है।
जाम लगने से जल्दी निकलने के चक्कर में छोटे वाहनों की सड़क के किनारों पर भीड़ लग जाती है। इससे पैदल चलने वाले लोगों को भी चलने की जगह नहीं मिलती। शहर में हर रोज भिक्की मोड़, हनुमान टिल्ला रोड, मेरठ करनाल रोड, रेलपार बाइपास, विजय चौक, धीमानपुरा फाटक, अजंता चौक, फव्वारा चौक पर लोग जाम में फंसकर परेशान रहते है। वहीं, शहर में आडे़ तिरछे वाहनों के घुसने से आपस में वाहन चालकों की लड़ाई भी होती रहती है।
शहर में यातायात नियमों का पालन न करने से आए दिन हादसे और झगड़े होते रहते है। यातायात माह के चलते भी शहर की ट्रैफिक पुलिस इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है।