105 माध्यमिक विद्यालयों में करीब 1450 से ज्यादा शिक्षक तैनात
शासन ने 13 अगस्त तक ऑनलाइन मांगे थे आवेदन पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। राज्य अध्यापक पुरस्कार और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए जिले से किसी भी शिक्षक ने आवेदन नहीं किया है। जिले में 105 माध्यमिक विद्यालयों में 1450 से ज्यादा शिक्षक तैनात हैं। शासन ने शिक्षकों से 13 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन मांगे थे।
शासन ने शैक्षिक सत्र 2022 में माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षण कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार और वित्तविहीन विद्यालयों में तैनात शिक्षकों के लिए मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के चयन के लिए चार से 13 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। इच्छुक शिक्षकों से आवेदन पत्र में अपने सभी अभिलेख व उत्कृष्ट शिक्षण कार्यों का विवरण के साथ पांच मिनट की वीडियो अपलोड की जानी थी।
जिले में 19 राजकीय, 30 अशासकीय सहायता प्राप्त और 56 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त यानि कुल 105 माध्यमिक विद्यालय है। राजकीय विद्यालयों में करीब 58 शिक्षक, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में लगभग 390 और वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में करीब एक हजार से ज्यादा शिक्षक तैनात हैं। वहीं, जिले में किसी भी शिक्षक ने राज्य एवं मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए रुचि नहीं दिखाई। इसके चलते किसी भी विद्यालय से किसी शिक्षक ने ऑनलाइन आवेदन नहीं किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि जिले से राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए किसी भी शिक्षक का ऑनलाइन आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
2019 में तीन शिक्षकों ने किया था आवेदन
डीआईओएस सरदार सिंह ने बताया कि 2019 में तीन शिक्षकों ने राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए आवेदन किया था, लेकिन शासन स्तर पर पुरस्कार के लिए चयन नहीं हुआ था। इसके बाद से अब तक किसी शिक्षक ने इस पुरस्कार के लिए आवेदन नहीं किया।