कैराना। नवजात बच्ची की हालात सीरियस बताकर क्लीनिक पर भर्ती करने के बाद अप्रशिक्षित डॉक्टर की लापरवाही से नवजात की मौत हो गई। वहीं नवजात की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बिना किसी कार्रवाई के नवजात के शव को अपने साथ लेकर लौट गए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक पर सील लगाते हुए नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
गांव रामड़ा निवासी दिलशाद की पत्नी मोहसिना ने शनिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक बच्ची को जन्म दिया था। सीएचसी पर तैनात स्टाफ नर्स बबीता ने बताया कि जन्म के बाद बच्ची का वजन केवल 2 किलो था। जिस कारण बच्ची को सीएचसी पर ही ऑक्सीजन लगाई गई। शाम के समय परिजन नवजात शिशु और जच्चा को छुट्टी दिलवाकर घर ले गए थे। रात करीब 11 बजे परिजन नवजात को एक क्लीनिक पर ले गए। जहां पर डॉक्टर ने बच्चों की हालात सीरियस बताकर उसे अपने क्लीनिक पर ही भर्ती कर लिया तथा ऑक्सीजन लगा दी। रविवार सुबह डॉक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
क्लीनिक की जांच की जाएगी। पूर्व में क्लीनिक संचालक को नोटिस दिया गया था या नहीं। इसकी जानकारी नहीं हैं। लोगों को अपने बच्चों को केवल प्रशिक्षित डॉक्टरों के पास ले जाना चाहिए। -विनोद कुमार, एसीएमओ
क्लीनिक का नहीं हैं रजिस्ट्रेशन नंबर
सरकारी अस्पताल रोड पर मौजूद क्लीनिक पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं लिखा गया है। क्लीनिक के बोर्ड पर केवल डाक्टरों के नाम लिखे हैं तथा उनके पास डिग्री भी हैं या नहीं इसकी भी जानकारी नहीं है।