शामली। जिले को आधुनिक कृषि सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए शासन ने नवीन कृषि भवन और मृदा प्रशिक्षण प्रयोगशाला के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। नवीन जिला मुख्यालय गोहरनी में 1500 वर्गगज भूमि पर कृषि भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए चार करोड़ 82 लाख 17 हजार रुपये की धनराशि उत्तर प्रदेश शासन से स्वीकृत हो चुकी है।
निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद नवीन भवन में उपनिदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला रक्षा अधिकारी सहित सभी कृषि विभागों के कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होंगे। साथ ही जिला स्तरीय मृदा प्रशिक्षण प्रयोगशाला भी यहीं स्थापित की जाएगी, जिससे किसानों को मिट्टी जांच, उर्वरक उपयोग से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।
अब तक कृषि विभाग के विभिन्न कार्यालय अलग-अलग स्थानों पर संचालित हो रहे थे। इनमें माजरा रोड स्थित कृषि बीज गोदाम, भूमि संरक्षण कार्यालय और अन्य किराए के भवन शामिल हैं। नए भवन के बनने से इन सभी इकाइयों का एकीकृत संचालन संभव होगा।
जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि शासन से निर्माण एजेंसी और ठेकेदार नियुक्त होते ही एक वर्ष के भीतर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में अब तक कोई जिला स्तरीय मृदा प्रयोगशाला नहीं थी। केवल कैराना तहसील में एक प्रयोगशाला संचालित थी। नए भवन के निर्माण से किसानों को मृदा परीक्षण, प्रशिक्षण और वैज्ञानिक सलाह की बेहतर सुविधा मिलेगी।