झिंझाना (शामली)। गांव चंदनपुरी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक ने अपने ही भतीजों पर बैंक खाते से आठ लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
महमूद हसन ने बताया कि वह सहारनपुर में शिक्षक पद से सेवानिवृत्त होने के बाद करीब 10 माह पूर्व गांव चंदनपुरी लौटे थे। आरोप है कि उन्होंने अपने भतीजे आजम के घर में भरोसे के चलते अपना बैग रखा, जिसमें बैंक पासबुक, चेकबुक व जरूरी दस्तावेज थे। इसी दौरान भतीजों आजम, आरिफ व तोकीर ने शादी के नाम पर उनसे 4.80 लाख रुपये उधार ले लिए।
आरोप है कि इसके बाद तीनों ने चेक बुक से चेक चोरी कर फर्जी हस्ताक्षर के जरिए आरटीजीएस के माध्यम से खाते से करीब 12 लाख रुपये निकाल लिए। बाद में 4 लाख रुपये वापस खाते में आ गए, जबकि 8 लाख रुपये हड़प लिए गए। घटना का खुलासा बैंक पासबुक में एंट्री कराने पर हुआ। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। न्यायालय के आदेश पर अब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।