लापरवाही: गलत ट्रैक पर चलवा दी पैसेंजर ट्रेन
शामली। रेलवे कर्मियों की लापरवाही ने पैसेंजर ट्रेन को गलत लाइन पर चलवा दिया। गनीमत रही कि चालक ने ट्रेन 100 मीटर दूर जाने पर इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक दी, अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता। बाद में ट्रेन को वापस स्टेशन पर लाया गया और सही टोकन और सिग्नल देने के बाद दिल्ली की तरफ रवाना किया। इस दौरान करीब आधा घंटे तक ट्रेन बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक के पास खड़ी रही।
पैसेंजर ट्रेन 74026 का शामली रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए चलने का समय सुबह दस बजे निर्धारित है। बृहस्पतिवार को प्लेटफार्म नंबर दो से जैसे ही ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना हुई तो, चालक बलवीर सिंह ने 100 मीटर दूर पहुंचने पर इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। मामले की सूचना रेलवे स्टेशन अधीक्षक सुधीर शर्मा, यातायात अधीक्षक सुनील कुमार धीमान समेत अन्य अफसरों को दी गई। बुुढ़ाना रोड़ फाटक से पहले ट्रेन रोक देने से सवारियों में अफरातफरी मच गई। जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे के अफसर मौके पर पहुंचे। ट्रेन को वापस रेलवे स्टेशन पर लाया गया। इसके बाद सही सिग्नल और टोकन देकर ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना की गई। रेलवे स्टेशन पर आने में ट्रेन का संचालन आधा घंटा प्रभावित हो गया। रेलवे यातायात अधीक्षक सुनील कुमार धीमान ने बताया कि वह बड़ौत में स्टेशन का निरीक्षण करने गए थे, पैसेंजर ट्रेन को गलत सिग्नल दिए जाने की सूचना आई है। इस संबंध में रेलवे स्टेशन अधीक्षक से जानकारी लेंगे।
- आखिर कौन है लापरवाही का जिम्मेदार
शामली। गलत ट्रैक पर पैसेंजर ट्रेन जाने से बड़ा हादसा हो सकता था। नियमानुसार स्टेशन मास्टर द्वारा ट्रेन के संचालन की घोषणा की जाती है। कांटे वाला टोकन देता है। गेटमैन और केबिन मैन सिग्नल देता है। जांच होनी जरूरी है कि आखिर इस लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है।
- डीआरएम तक नहीं पहुंचा मामला
शामली। उत्तर रेलवे के डीआरएम एससी जैन का कहना है कि शामली रेलवे स्टेशन पर तैनात अधिकारियों ने पैसेंजर ट्रेन के आधा घंटे तक बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक पर रुकने और वापस ट्रेन रेलवे स्टेशन आने की सूचना नहीं दी। अधिकारियों से लेकर जांच कराएंगे। इसके बाद ही लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।