शामली माजरा रोड पर जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : SHAMLI
शामली। दो दिन पहले शहर में कोरोना पॉजिटिव महिला के भाई के परिवार को स्वास्थ्य विभाग ने होम क्वारंटीन किया था। इसके बाद भी महिला के भाई ने दुकान खोल ली। जिसकी सूचना पर पुलिस के साथ पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम परिवार के सभी छह सदस्यों को क्वारंटीन सेंटर ले गई।
दो दिन पहले शनिवार को सुभाष चौक निवासी व्यापारी की पत्नी के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। स्वास्थ्य टीम ने महिला को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया था, जबकि परिवार के सदस्यों को क्वारंटीन सेंटर ले गई थी। सीएमओ संजय भटनागर ने बताया कि महिला का मायका शामली में माजरा रोड पर है। जहां महिला के भाई की दुकान है। सीएमओ के मुताबिक जानकारी मिली थी कि महिला का अपने भाई के यहां आना-जाना रहा है, इसके चलते एहतियात के तौर पर उस परिवार को होम क्वारंटीन में रहने को कहा गया था। सोमवार को सूचना मिली कि महिला के भाई ने दुकान खोल ली है। इस सूचना पर स्वास्थ्य टीम माजरा रोड पर पहुंची और दुकान को बंद कराया और महिला के भाई व उसके परिवार के छह सदस्यों को क्वारंटीन सेंटर ले जाया गया है।