लापरवाही पड़ सकती है जिंदगी पर भारी
शामली। कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है, लेकिन लोग लापरवाही बरत रहे हैं। मार्च महीने के पहले 15 दिन में कोरोना के 26 केस आ चुके हैं। सरकारी अस्पताल का हाल देखे तो वहां भी लोग बेपरवाह नजर आते हैं। अधिकतर मरीज फेस मास्क नहीं लगाते और सोशल डिस्टेंस का तो पालन ही नहीं होता। इस तरह की यह लापरवाही फिर से लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। सोमवार को संवाद टीम ने सीएचसी शामली की हकीकत जानी।
चिकित्सक के सामने कक्ष में मरीजों की भीड़
सीएचसी में डॉ. सौरभ कुमार के कक्ष में मरीजों की भीड़ थी। उनमें आधे से अधिक मरीज फेस मास्क नहीं लगाए हुए थे। फेस मास्क न लगाने वालों में महिलाएं ज्यादा थी। चिकित्सक ने फेस मास्क लगाने को कहा, तो साड़ी के पल्ले या दुपट्टे से मुंह ढक लिया। सोशल डिस्टेंस का कतई पालन नहीं हो रहा था। हड्डी रोग विशेषज्ञ के कक्ष पर मरीजों की इसी तरह भीड़ लगी हुई थी।
दवा लेने को खिड़की से चिपके थे
सीएचसी में दवा की खिड़की पर मरीज एक दूसरे से चिपके हुए थे। खिड़की से भी एकदम सटकर दवा लेने की होड़ सी मची थी। यहां भी लोग कोरोना के प्रति बेपरवाह नजर आए।
शिविर मेें सोशल डिस्टेंस नहीं का रखा ख्याल
सीएचसी में सोमवार को दिव्यांग प्रमाण पत्र शिविर में आए लोगों की भीड़ लगी थी। अधिकतर मास्क नहीं लगाए हुए थे। सोशल डिस्टेंस का पालन न करते हुए लाइन भी नहीं बनाई गई थी। स्वास्थ्यकर्मियों के सामने मनमाने ढंग से लोगों की भीड़ खड़ी थी।
सीएचसी में न थर्मल स्क्रीनिंग न सैनिटाइजर की व्यवस्था
सीएचसी में कोरोना से बचाव के लिए अब कोई इंतजाम नहीं है। वहां पर न तो थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था है और न ही सैनिटाइजर की। कुछ समय पहले तक सीएचसी में ये दोनों व्यवस्थाएं थी, लेकिन अब कोरोना से बचाव के कोई इंतजाम नहीं है। इस संबंध में सीएचसी के अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्रा का कहना है कि अस्पताल में मरीजों को फेस मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंस का पालन करने के लिए जागरूक किया जाता रहता है।
कोट
कोरोना से बचाव के लिए फेस मास्क और सोशल डिस्टेंस का पालन करना जरूरी है। लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। इसके लिए लोगों को समय-समय पर जागरूक किया जा रहा है।
-डॉ. श्रीकांत शर्मा, एसीएमओ, जिला सर्विलांस अधिकारी।
कोरोना का नहीं मिला केस, पांच हुए ठीक
शामली। जिले में सोमवार को कोरोना का नया केस नहीं मिला है। पांच व्यक्ति ठीक हुए हैं। जिले में अलग-अलग स्थानों से 1454 सैंपल लिए गए। सभी सैंपलों की जांच रिपोर्ट में सभी रिपोर्ट नेगेटिव आई। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि सभी सैंपलों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई। कोरोना के पांच मरीज ठीक हो गए। जिले में अब सक्रिय केस की संख्या घटकर 11 हो गई है।