-मदरलैंड पब्लिक स्कूल में एनसीसी के प्रशिक्षण शिविर का सातवां दिन
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। मदरलैंड पब्लिक स्कूल में चल रहे 85 यूपी बटालियन एनसीसी शामली के 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में सातवें दिन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगाचार्य राजकुमार ने कैडेट्स को योग कराया।
बुधवार को आयोजित शिविर में गाजियाबाद ग्रुप के कमांडर ब्रिगेडियर सलभ सोनल का कैंप कमांडेंट कर्नल एसएन ठाकुर और डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल राजेंद्र सिंह ने स्वागत किया। एनसीसी कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इसके बाद ब्रिगेडियर सलभ चौहान ने लिविंग एरिया, मैस एरिया, ट्रेनिंग एरिया और स्टडी एरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने ने कैडेट्स को एनसीसी के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि 1947 में देश को स्वतंत्रता मिलने के बाद देश के सामने बहुत सारी चुनौतियां थी, जिनमें से रक्षा एक सबसे बड़ा क्षेत्र था। इसलिए 16 अप्रैल 1948 को नेशनल कैडेट कोर की स्थापना की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य इंटर और डिग्री कॉलेज में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ शारीरिक, ड्रिल, वेपन ट्रेनिंग, युद्ध एवं क्षेत्र कौशल, मैप रीडिंग आदि का प्रशिक्षण देकर सेकेंड लाइन ऑफ डिफेंस तैयार करना था। युद्ध या विपरीत परिस्थितियों में एनसीसी का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा भारतीय सेना की मदद कर सकें। इसके अलावा एनसीसी का दूसरा उद्देश्य ट्रेनिंग के साथ विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, पल्स पोलियो, यातायात जागरूकता कार्यक्रम, नशा विरोधी रैलियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि के माध्यम से कैडेट्स के अंदर समाज सेवा की भावना पैदा कर उनके समाज के प्रति दृष्टिकोण को सकारात्मक बनाए रखना है। उन्होंने कैडेट्स से कहा कि वे अपने लक्ष्य को सदैव ऊंचा बनाएं और कटिबद्ध होकर उसके लिए परिश्रम करें। यही इंसान के आगे बढ़ने की मूल कुंजी है।
इस अवसर पर कैंप एडज्यूटेंट कैप्टन केपी सिंह, कैप्टन रजनीश कुमार, लेफ्टिनेंट विपिन कुमार, लेफ्टिनेंट प्रदीप कुमार, सेकेंड ऑफिसर डॉ. विजय कुमार, थर्ड ऑफिसर लक्ष्मी गर्ग, सूबेदार मेजर तिलक राज, सूबेदार दिगंबर सिंह, नायब सूबेदार महेश, बीएचएम संजीवन, हवलदार कपिल, अजय, विजय, खिम बहादुर थापा, रणवीर सिंह, संजीव पंवार, स्वाति, हरीश, कृष्णपाल, जयेंद्र सिंह, सुशील कुमार, मंजीत सिंह, योगेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।