शामली। माध्यमिक शिक्षा परिषद उप्र प्रयागराज ने हाईस्कूल व इंटर की 2023 की बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी होते ही शिक्षा विभाग तैयारियों में जुट गया है। जिले में इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षा में 13942 और इंटर में 11671 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। हाईस्कूल में पिछले साल के मुकाबले 922 विद्यार्थी ज्यादा हैं, जबकि इंटर में 543 विद्यार्थी कम हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
यूपी बोर्ड की तरफ से हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा 16 फरवरी से शुरू होंगी और चार मार्च तक चलेंगी। बोर्ड की तरफ से परीक्षा कार्यक्रम जारी होते ही शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रयोगात्मक और प्री बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम पहले ही घोषित किया जा चुका है। जिले में प्रयोगात्मक परीक्षाएं 21 जनवरी से 28 जनवरी के बीच होंगी जबकि प्री बोर्ड परीक्षाएं 16 जनवरी से 20 जनवरी तक होगी।
बोर्ड परीक्षा 2023 में हाईस्कूल में 13942 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इंटर में 11671 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। जिले में इस बार 25613 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे। पिछले साल से तुलना करें तो इस बार कुल विद्यार्थियों में 379 विद्यार्थी ज्यादा हैं। हाईस्कूल में इस बार 922 विद्यार्थी ज्यादा तो इंटर में 543 विद्यार्थी कम हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में इस बार 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जबकि पिछले साल 39 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा हुई थी।
जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। जिले में 36 केंद्रों पर परीक्षा होगी। बोर्ड परीक्षा में 25613 विद्यार्थी पंजीकृत है। उन्होंने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा की तैयारी के संंबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।