कैराना (शामली)। देश के जवानों की शहादत पर पूरा देश गुस्से में है। कैराना में मुस्लिम युवकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने खून से चिट्ठी लिखकर सेना में भर्ती करने की मांग की है। पुलवामा में देश के वीर जवानों की शहादत के बाद लोगों का खून खौल रहा है। कैराना के मोहल्ला खैलकलां निवासी खलील फरीदी और मोहल्ला अंसारियान निवासी सलीम ने कहा कि आतंकवादियों की कायरतापूर्ण हरकत के कारण देश के 40 के जवानों की शहादत से गहरा आघात पहुंचा है।
रविवार को दोनों युवकों ने अपने खून से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी। खून से लिखी चिट्ठी के माध्यम से सैनिकों की शहादत का बदला लेने की मांग की गई। दोनों युवकों ने लिखा कि वे बगैर वेतन के देश की सेना में भर्ती होकर अपने भाइयों की हत्या का बदला लेने के लिए तैयार हैं। दोनों युवाओं का कहना है वे सीमा पर जाकर आतंकियों को ईंट का जवाब पत्थर से देंगे।
वह देश के वीर सपूतों और मातृभूमि की रक्षा के लिए मर-मिटने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि यदि देश के लिए उनके लहू का एक-एक कतरा जाता है, तो वे खुद को गौरवशाली महसूस करेंगे। 40 से अधिक सैनिकों पर हमले की कायराना वारदात से उनका खून खौल रहा है। दुश्मनों को किसी भी सूरत में माफ करने वाले नहीं हैं। युवकों ने पीएम नरेंद्र मोदी से सेना में शामिल कराए जाने का आग्रह किया है।