गढ़ीपुख्ता (शामली)। क्षेत्र के गांव गढ़ी अब्दुल्ला खां के जंगल में तीतरो बाईपास पर लापता 24 वर्षीय युवक का शव मिला है। युवक की चाकू से गोदकर और ईंट से कुचलकर हत्या की गई थी। परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं दी गई है।
शनिवार सुबह गांव गढ़ी अब्दुल्ला के जंगल में राहगीरों ने युवक का शव पड़ा हुआ देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मृतक के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी पहचान सरवर निवासी गांव पलठेड़ी के रूप में की। मृतक के बड़े भाई तसव्वर ने बताया कि उसका भाई सरवर शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे घर से किसी काम के लिए गया था। जब वह दोपहर तक घर नहीं पहुंचा तो उसे मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। तीन बजे फोन स्विच ऑफ आया।
शाम तक घर न पहुंचने पर रिश्तेदारी और परिचितों से फोन पर जानकारी की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सुबह जब उसके नंबर पर संपर्क किया तो पुलिसकर्मी ने रिसीव किया। पुलिस ने बताया कि उसके भाई सरवर का मोबाइल पानी में गिरने की वजह से खराब हो गया। उसका सिम पुलिस ने अपने मोबाइल में डाल लिया था, ताकि उसकी पहचान हो जाए। तसव्वर ने बताया कि सरवर पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उनकी किसी से कोई रंजिश या विवाद नहीं है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।