शामली। नगरपालिका की टीम ने शहर के बीच मुख्य सड़क से दुकानों के बाहर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। इस दौरान दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सोमवार शाम को करीब चार बजे नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह और सफाई एवं खाद्य निरीक्षक आदेश कुमार सैनी ने पालिका के कर्मचारियों के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह अभियान धीमानपुरा रेलवे फाटक से शुरू किया गया, जो शिव चौक, हनुुमान रोड, वीवी इंटर कालेज रोड, फव्वारा चौक, दिल्ली रोड होते हुए अजंता चौक तक चलाया गया। इस दौरान पालिका टीम ने दुकानों के बाहर नाली से आगे सामान रखकर अतिक्रमण किया गया था, उसे हटवाया। पालिका अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने पर जुर्माना व अन्य कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अतिक्रमण हटवाओ अभियान लगातार जारी रहेगा और जो दुकानदार या व्यापारी दोबारा अतिक्रमण करेंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान शशिकांत, प्रदीप टांक और प्रदीप मायूस आदि कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान दो दुकानों से पालिका टीम ने प्रतिबंधित पॉलीथिन भी जब्त की।