सांसद ने वितरित की दवाइयां, मास्क और सैनिटाइजर
चौसाना। कोरोना महामारी के कारण लोगों को जागरूक करने एवं केंद्र सरकार के सात साल पूरे होने पर कैराना सांसद प्रदीप चौधरी ने आदर्श गांव दथेड़ा में पहुंचकर दवाइयों की किट, मास्क एवं सैनिटाइजर का वितरण किया।
इस दौरान सांसद ने कहा कि महामारी से बचने के लिए सबको प्रयास करना होगा। दो गज की दूरी और मास्क का प्रयोग आवश्यक है। कोरोना के लक्षण दिखने पर चिकित्सकों से संपर्क कर अपना इलाज कराएं। सांसद ने निगरानी समिति की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि निगरानी समिति में कार्यरत आशाओं ने घर-घर पहुंचकर लोगों से जानकारी जुटाई और लक्षण होने पर उनको कोरोना किट उपलब्ध कराई। सांसद ने जिला प्रशासन के सहयोग एवं सांसद निधि से गांव में हुए कार्यों की जानकारी दी। सांसद ने बताया कि गांव में आशा केंद्र एवं पेयजल की व्यवस्था जल्द कराई जाएगी। उच्च शिक्षण संस्थान के लिए शासन को पत्र लिखेंगे। सांसद ने कोरोना किट एवं मास्क वितरित किए। इस दौरान सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, पीडी ज्ञानेंद्र सिंह, एसडीएम ऊन मणि अरोरा आदि मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री आवास का पात्रों को जल्द मिलेगा लाभ
चौसाना। सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने बताया कि सांसद द्वारा चयनित आदर्श गांव दथेड़ा में विकास कार्यों का खाका तैयार कर निर्धारित 25 बिंदुओं का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। जिले को करीब एक हजार आवास मिलने की संभावना है। लक्ष्य आने के बाद सर्वप्रथम दथेड़ा के पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा।