झिंझाना। नवरात्र व्रत के दौरान कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ी खाने के बाद कस्बे में मां रश्मि, बेटी वंशिका की तबीयत बिगड़ गई। मामले में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। उपचार के बाद दोनों की हालत में सुधार बताया गया है।
कस्बे के मोहल्ला होसंगपुर निवासी पप्पन के अनुसार घर में कुट्टू के आटे की पकौड़ी बनाई गई थी। इन्हें खाने के कुछ समय बाद ही रात में उसकी पत्नी और बेटी को उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत होने लगी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिले में कुट्टू के आटे की पकौड़ी खाने से लोग बीमार हो रहे है। लोगों ने प्रशासन से कुट्टू के आटे की जांच कराने तथा खाद्य पदार्थों की नियमित जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।