कैराना। गांव मंडावर में बृहस्पतिवार की देर शाम युवती के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर मां बेटी लाठी डंडों से हमला किया गया। इस दौरान हमलावरों द्वारा हवाई फायरिंग भी की। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
देर शाम एक युवती घर से बाहर गली में कूड़ा डालने गई थी। आरोप है कि एक युवक ने युवती के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर मारपीट भी की गई। युवती ने अपने घर पहुंच कर घटना के बारे में बताया। इसके बाद युवती का पिता और भाई आरोपियों के घर उलाहना देने गए। इसके बाद आरोपियों ने युवती के भाई और पिता के साथ भी मारपीट की। इसके कुछ ही देर बाद दर्जनों युवक लाठी डंडे लेकर युवती के घर पहुंचे और मारपीट की जिससे युवती और उसकी मां घायल हो गई। इस दौरान आरोपियों ने हवाई फायरिंग भी की। युवती की मां ने बताया कि मारपीट के बाद 8-10 फायर किए गए। सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी अमरदीप मौर्य पुलिस बल के साथ गांव मंडावर पहुंचे तथा घायल मां बेटी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच करने के साथ ही कारतूस के खोखे भी बरामद किए। सीओ का कहना है कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
...