इस्लाम नगर देहात बस्ती में मच्छरों की भरमार, लोग परेशान
शामली, कैराना। स्वास्थ्य विभाग की चल रहे संचारी रोग निवारण माह में मच्छरों की रोकथाम के लिए गंदा पानी एक जगह इकट्ठा नहीं होने की बात कही जा रही है। मगर इस्लाम नगर देहात बस्ती का बुरा हाल है। जगह-जगह नालियों में कूड़ा-करकट और गंदा पानी भरा हुआ है। जिससे वहां मच्छरों की भरमार है और लोग परेशान हैं।
मायापुर रोड से बस्ती में घुसते ही नालियों में कूड़ा और गंदा पानी फैला हुआ दिखाई दे जाता है। बस्ती में आगे चलकर देखा तो प्राथमिक स्कूल के बाहर की नाली भी कूड़े से अटी पड़ी है। वहां पर कीचड़युक्त गंदा पानी भरा था। स्कूल के सामने एक खाली पड़े भवन के बराबर से गंदा पानी तालाब की और जाता है, जिसमें पूरी गंदगी भरी थी। बस्ती के ही सरफराज, अकरम, इस्लाम, आरिफ आदि ने बताया कि गंदगी व नालियों में गंदे पानी की शिकायत कई बार तहसील दिवस और उच्चाधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन समाधान नहीं निकला। गंदे पानी व कूड़े के कारण यहां रात में मच्छरों के कारण नींद भी नहीं आती है। वहीं ग्राम प्रधान के पति सत्तार अली ने बताया कि प्राइवेट कर्मचारी से बार-बार सफाई कराई जाती है। बस्ती में कूड़ा उठाने का प्रबंध नहीं होने के कारण बस्ती के कुछ लोग सड़कों पर ही कूड़ा डाल देते हैं। जल्द ही अधिक कर्मचारी लगा कर सफाई कराई जाएगी।
संचारी रोगों से बचाव के उपाय
कैराना। सरकारी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अक्तूबर व नवंबर माह में संचारी रोग जैसे मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया, दिमागी बुखार, चिकन गुनिया आदि का अधिक प्रकोप रहता है। उक्त रोग मच्छरों से फैलते हैं तथा मच्छर ठहरे हुए गंदे पानी में अधिक पनपते हैं। इसलिए अपने आसपास गंदे पानी का ठहराव नहीं होने दें। साफ सफाई, नल टोटी के पास पानी इकट्ठा न होने दें। छत के ऊपर पुराने टायर व कूड़ा नही डालें तथा नालियों की नियमित साफ-सफाई जरूरी है। वहीं आशा कार्यकर्ताओं की 167 टीमें दस्तक अभियान में लगी हैं। टीमें प्रत्येक घर के गेट पर दस्तक देकर लोगों को जागरूक करने में लगी हैं।