ग्रामीणों को जागरूक करें निगरानी समिति
शामली। कोरोना वायरस(कोविड-19) के संक्रमण की रोकथाम और प्रभावित मरीजों के उपचार आदि व्यवस्था के लिए शासन से नामित जनपद के नोडल अधिकारी सिंचाई विभाग के विशेष सचिव प्रेम रंजन सिंह ने बुधवार को निगरानी समिति ग्राम पंचायत केरटू के साथ बैठक की। नोडल अधिकारी ने समिति के सदस्यों और आशाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों पर चर्चा करते हुए लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक करने पर जोर दिया। इसके बाद नोडल अधिकारी ने अहमदगढ़ में शेल्टर होम में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां पर कम्युनिटी किचन की व्यवस्था भी देखी। इसके बाद नोडल अधिकारी ने बिडौली बॉर्डर स्थित चेकपोस्ट पर चेकिंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मौके पर एक सब इंस्पेक्टर और चार कांस्टेबल मौजूद मिले। वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने बताया कि अब पैदल चलने वालों की संख्या काफी कम हो गई है।