शामली। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से सामाजिक अधिकारिता शिविर में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा विधायक तेजेद्र निर्वाल ने 51 दिव्यांग जनों को कृत्रिम उपकरण प्रदान किए गए।
मंगलवार को शामली ब्लाक मुख्यालय के सभागार में भारत सरकार सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से सामाजिक अधिकारिता शिविर में निशुल्क सहायता उपकरण वितरण समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल रहे। उन्होंने 51 दिव्यांग जनों को कृत्रिम उपकरण प्रदान किए। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ कार्य कर रही है। सभी योजनाओं का बिना किसी भेदभाव के एक एक पात्र व्यक्ति को लाभ दिया जा रहा है। सीडीओ शंभू नाथ तिवारी ने आश्वास्त किया कि जिले में जितने भी ऐसे पात्र दिव्यांगजन है, जिन्हें उपकरण नहीं मिला है। ऐसे प्रत्येक दिव्यांगजन को प्रचार प्रसार के माध्यम से तलाश कर प्रत्येक विकासखंड पर कैंप आयोजित कर उपकरण दिलाने का कार्य किया जाएगा। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान ने कहा कि विभाग द्वारा संचालित एडिप योजना के तहत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम कानपुर द्वारा कार्यक्रम किया गया है। उन्होंने बताया कि छह जनवरी को ऊन ब्लाक मुख्यालय में 40 दिव्यांगों, सात जनवरी को कांधला ब्लाक में 64 दिव्यांगो को कैराना सांसद प्रदीप चौधरी द्वारा उपकरण वितरित किए जाएगे। 13 जनवरी को थानाभवन ब्लाक मुख्यालय पर कार्यक्रम आयोजित होगा।