- गांव गोहरनी का मामला, घटना से परिजनों में मचा कोहराम
- सिर में गंभीर चोट और गले पर फांसी के मिले निशान
- मृतक के भाई ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई
फोटो...
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। गांव गोहरनी में दो दिन से लापता युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी और शव को घर के बाहर फेंक दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने थाने पर पहुंचकर हत्या का खुलासा करने की मांग की। मृतक के भाई ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव गोहरनी निवासी तेजपाल उर्फ तेजू (37) दो दिन पहले 15 जनवरी की शाम घर से खाना खाकर गांव में गया था। उसके बाद वह नहीं लौटा। शनिवार रात करीब एक बजे पड़ोस में रहने वाले राजबीर के बच्चे लघु शंका के लिए उठे तो उन्हें घर के बाहर खड़ी बुग्गी के नीचे किसी व्यक्ति के होने का शक हुआ तो शोर मचा दिया। परिजन बाहर निकले तो बुग्गी के नीचे तेजपाल का शव पड़ा पाया। शव उसी की चद्दर से ढका हुआ था। सिर में किसी धारदार हथियार से प्रहार से गंभीर चोट लगी थी और गले में रस्सी की रगड़ के निशान थे।
परिजनों का कहना है कि उन्होंने रात में ही यूपी-112 पर पुलिस को फोन पर सूचना देने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं लग सका। इसके बाद करीब चार बजे पुलिस को फोन पर सूचना दी। थानाध्यक्ष संदीप बालियान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। रविवार सुबह करीब 10 बजे परिजन इकट्ठे होकर आदर्श मंडी थाने पहुंचे और पुलिस से हत्याकांड का जल्द खुलासा करने की मांग की। मृतक के भाई संजय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
--
परिजनों ने किसी से विवाद और रंजिश न होना बताया
मृतक तेजपाल के परिजनों का कहना है कि उनका किसी से न विवाद है और न ही रंजिश है। मृतक के भाई संजय का कहना है कि वह चाहते है कि पुलिस इस केस का जल्द से जल्द खुलासा करें और जो हत्यारे है वे गिरफ्तार किए जाएं। तेजपाल पहले भी कई बार इसी तरह कहीं चला जाता था और वापस आ जाता था। इस बार भी उन्होंने सोचा कि पहले की तरह खुद ही आ जाएगा। यही सोचकर उन्होंने उसके लापता होने की सूचना पुलिस को नहीं दी थी।
--
सात भाइयों में तीसरे नंबर का था तेजपाल
संजय ने बताया कि मृतक सात भाइयों में तीसरे नंबर का था। तेजपाल से दो बड़े भाई भाग सिंह, बिंदर हैं। तेजपाल से छोटे सुरेंद्र, तेजवीर, संजय और बिट्टू है। संजय व बिट्टू अभी अविवाहित हैं। मृतक तेजपाल की पत्नी पिंकी और तीन बच्चे हैं। बड़ा बेटी 17 वर्षीय कोमल, दो बेटे 12 साल का अंकुश और तीन साल का नैतिक है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।