कांधला। थानाक्षेत्र के गांव गंगेरू में दो युवकों से तीन हथियारबंद बदमाशों ने मारपीट करते हुए बाइक लूट ली। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट भी की गई। सूचना पर थाना प्रभारी और सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने पीडितो की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी समीर पुत्र रफीक अंसारी अपने पड़ोस के ही आकिब के साथ शुक्रवार रात आठ बजे बाइक द्वारा गंगेरू ग्राम पंचायत कार्यालय के पास घूम रहा था। आरोप है कि इसी बीच एक बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आए और हथियारों के बल पर दोनों युवकों के साथ मारपीट करते हुए बाइक लूट ली और खेड़ा कुरतान मार्ग की ओर फरार हो गए। थाना प्रभारी समय पाल अत्री का कहना है कि पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटी गई बाइक बरामद कर ली जाएगी।