थानाभवन (शामली)। थानाभवन के जंगल में नील गाय का पीछा करते हुए तेंदुआ देखे जाने की सूचना से लोगों में दहशत है। दावा किया कि एक युवक ने तेंदुए को देखा और खेत से भागकर जान बचाई।
गांव तितारसी, लतीफगढ़, गोशाला और शुगर मिल के पास सटे जंगलों में तेंदुआ देखे जाने व उसकी आवाज सुनाई देने का दावा ग्रामीण कर रहे हैं। जिस पर लतीफगढ़ गांव में तेंदुए से सचेत रहने के लिए ग्रामीणों की ओर से मुनादी भी की गई थी। राव ज़ुबैर पुत्र राव इरशाद ने बताया कि वह शुक्रवार को लगभग साढ़े पांच बजे खेत पर गया था। वहां उसने देखा कि एक तेंदुआ तेजी से एक नील गाय का पीछा कर रहा है। पीछा करते करते कुछ ही पलों में तेंदुआ व नील नवीन के गन्ने के खेत में घुस गए। सभासद सुशील सैनी ने बताया कि तेंदुआ के देखने के बाद लोगों में डर का माहौल है। किसानों ने वन विभाग से शीघ्र तेंदुआ को पकड़वाने की मांग की है। उधर, वन विभाग के अधिकारियों ने मामले की जानकारी होने से इंकार किया है।