शामली/थानाभवन। प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश खटीक ने बुधवार को विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान विकास, चिकित्सा और शिक्षा क्षेत्र में खामियां मिलीं। थानाभवन में निर्माणाधीन राजकीय डिग्री कॉलेज की दीवार से हाथ लगाते ही सीमेंट झड़ गया। सीएचसी में हेल्थ एटीएम मंत्री की रिपोर्ट नहीं दे पाया। वहां गंदगी भी मिली। जिस पर मंत्री ने कॉलेज के निर्माण कार्य की जांच कराने और सीएचसी की व्यवस्था दुरूस्त कराने के निर्देश डीएम को दिए।
सुबह करीब सात बजे प्रभारी मंत्री सरकारी अमले के साथ थानाभवन सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने जनरल वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, रेन बसेरा, चिकित्सकों के कक्ष को देखा। नेत्र कक्ष में लगे हेल्थ एटीएम मशीन पर खड़े होकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। लेकिन वाईफाई सही कनेक्ट न होने की वजह से रिपोर्ट नहीं आई। जिस पर इसे ठीक कराने को कहा। बीपीएम यूनिट, एक्स-रे रूम का निरीक्षण करते हुए बीपीएम यूनिट में धूल ही धूल देखकर नाराजगी जताई। कहा कि ऐसी गंदगी में मरीज स्वस्थ होने की बजाय बीमार हो जाएंगे। सफाई व्यवस्था प्राथमिकता है। इसके बाद कोविड-19 वार्ड का निरीक्षण किया और ऑक्सीजन प्लांट के बारे में भी जानकारी ली।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर फैली गंदगी के ढेर हटाने के भी निर्देश दिए। यहां से राज्यमंत्री वाल्मीकि बस्ती पहुंचे। पूर्व चेयरमैन संजय शर्मा के नेतृत्व में राज्यमंत्री का स्वागत किया। मलिन बस्ती में राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से जानकारी ली। इसके बाद कांता पत्नी स्व. ओमप्रकाश वाल्मीकि के यहां सहभोज किया। मोहल्ले के लोगों की समस्याएं भी सुनीं ज्यादातर समस्याएं राशन कार्ड का न होने की मिलीं। डीएम को बस्ती में सोमवार को कैंप लगाकर प्रधानमंत्री आवास योजना और राशन कार्ड के आवेदन लेने और विद्युत अधिकारियों को साथ में लेकर समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए।
यहां से राज्यमंत्री राजकीय महाविद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यालय निर्माण की गुणवत्ता को परखा। प्रयोगशाला की दीवार का सीमेंट हाथ लगाते ही झड़ गया। जिस पर उन्होंने जांच कराकर कार्रवाई के आदेश डीएम को दिए। निरीक्षण के दौरान एमएलसी वीरेंद्र सिंह, डीएम जसजीत कौर, एडीएम संतोष कुमार सिंह, सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, एएसपी ओपी सिंह, सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल, बीडीओ अजय कुमार, सीओ बिजेंद्र सिंह भड़ाना, ईओ अनामिका सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, महामंत्री पुनीत द्विवेदी, संदीप मोघा आदि मौजूद रहे।
- 8वीं की छात्रा नहीं सुना पाई 13 का पहाड़ा
प्रभारी मंत्री दिनेश खटीक और एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया। बच्चों से कंप्यूटर संबंधी प्रश्न भी किए। प्रभारी मंत्री ने कंप्यूटर सीखने को प्रोत्साहित किया। इसके बाद कक्षा आठ में बच्चों से गणित संबंधी प्रश्न पूछे। जिसमें एक छात्रा से 19 और 13 का पहाड़ा सुनाने को कहा तो वह सुना नहीं पाई। जिस पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। वार्डन और शिक्षिका से शिक्षा की गुणवत्ता का स्तर सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम, सीडीओ, एडीएम, प्रभारी बीएसए इशकलाल आदि मौजूद रहे।