शामली। कलक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश खटीक ने जिले में विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऊन मिल ने नए पेराई सत्र का 18 करोड़ का भुगतान कर दिया है। जो मिल भुगतान नहीं करेंगी, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि कृष्णा नदी समेत अन्य नहरों को निर्मल बनाने व कब्जा मुक्त कराने का मामला हो या सरकारी कार्यालयों में स्टाफ की कमी का, जल्द ही इसका निस्तारण कराया जाएगा। जिन विभागों के कार्यालय जिले में नहीं हैं, उन्हें जल्द स्थापित किया जाएगा। अधूरे विकास कार्यों के लिए भी जल्द ही धनराशि अवमुक्त कराई जाएगी। हाईवे और बाईपास के चौराहों पर जो एक्सीडेंट जोन बन गए हैं, वहां फ्लाईओवर या गोल चक्कर का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में सरकार जीरो टोलरेंस की नीति अपनाती है। भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
- इस्सोपुरटील में ग्राम चौपाल लगाकर सुनीं समस्याएं
कांधला। क्षेत्र के गांव इस्सोपुर टील व डुंडूखेड़ा में प्रभारी मंत्री दिनेश खटीक ने कई परियोजना का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को सरकार की उपलब्धियों व नीतियों से अवगत कराया।
गांव डुंडूखेड़ा में मंत्री ने ग्राम पंचायत सचिवालय के और अमृत सरोवर का उद्घाटन फीता काटकर किया। इस दौरान सभा में उन्होंने गांव के विकास और उन्नति पर चर्चा की। इसके बाद गांव इस्सोपुरटील में गोशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान गाय की पूजा की। फिर ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और निस्तारण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वह हस्तिनापुर विधानसभा से हैं और हस्तिनापुर व इस्सोपुरटील दोनों ही महाभारत कालीन क्षेत्र हैं। ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान एमएलसी वीरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर, पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल, ब्लॉक प्रमुख डॉ. विनोद मलिक, डीएम जसजीत कौर, डॉ. जसवंत सिंह, बीडीओ सुनील कुमार, सचिव तपेश गिरी के साथ ग्राम प्रधान राजपाल सिंह, ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रधान, रणबीर प्रधान, रविंद्र प्रधान, पंकज मलिक आदि मौजूद रहे।
- प्रभारी मंत्री ने छात्र-छात्राओं को बांटे स्मार्टफोन
जलालाबाद। एल्पाइन कॉलेज ऑफ एजूकेशन में प्रभारी मंत्री दिनेश खटीक ने 118 छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन वितरित किए।
उन्होंने कहा कि माता-पिता मेहनत मजदूरी कर छात्र-छात्राओं को बैग, पुस्तक, फीस दे सकते हैं, लेकिन 15 से 20000 का स्मार्टफोन-टेबलेट नहीं दिला सकते हैं। यह सपना देश के प्रधानमंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री ने साकार किया है। तकनीक के मामले में भारत 2014 के बाद विश्व के प्रथम पायदान पर पहुंच रहा है। एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि दो दशक पहले तक शिक्षा में छात्र-छात्राओं को इतने संसाधन उपलब्ध नहीं थे। आज केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकार ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा में सम्मान दिलाया है। डीएम जसजीत कौर ने कहा कि यह डिवाइस शिक्षा में सहयोगी है। स्मार्टफोन-टेबलेट का छात्र-छात्राएं अच्छे कॅरिअर के लिए पढ़ाई में प्रयोग करें।
आबकारी विभाग को वसूली बढ़ाने के निर्देश
शामली। प्रभारी दिनेश खटीक की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की बैठक हुई।
मंत्री ने विभागीय कार्यों की जानकारी लेकर जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभ देने के निर्देश दिए। विभागीय कार्य की समीक्षा करते हुए आबकारी विभाग को वसूली बढ़ाने और राशन संबंधी समस्याओं के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए।
कांधला क्षेत्र के गांव इस्सोपुरटील आयोजित कार्यक्रम में बोलते वक्ता व भाग लेते प्रभारी मंत्री
कांधला क्षेत्र के गांव इस्सोपुरटील आयोजित कार्यक्रम में बोलते वक्ता व भाग लेते प्रभारी मंत्री