शामली। कोरोना से बचाव के लिए किशोरों को वैक्सीन की पहली डोज लक्ष्य के करीब पहुंचने के बाद अब दूसरी डोज ज्यादा से ज्यादा किशोरों को लगाने पर फोकस किया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए जाने वाले मेगा कैंप में सोमवार को कालेजों में भी बूथ बनाकर 15 से 18 साल के किशोरों को टीकाकरण किया जाएगा। मेगा कैंप में जिले में 63 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें हर ब्लाक के दो कालेजों में बूथ बनाए गए हैं।
जिले में तीन जनवरी से किशोरों को टीकाकरण शुरू हुआ था। 95970 किशोरों को टीके लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शनिवार तक 87456 किशोरों को टीके की पहली डोज लग चुकी है, जो लक्ष्य का 91.13 प्रतिशत है। दूसरी डोज अभी तक 3092 किशोरों को लगी है, जो 3.22 प्रतिशत है। किशोरों को दूसरी डोज ज्यादा से ज्यादा लगाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी की है। डीआईओएस सरदार सिंह से कालेजों की सूची लेकर उनमें बूथ बनाए गए हैं। सोमवार को मेगा कैंप में हर ब्लाक में दो कालेजों में बूथ बनाए गए हैं। 18 साल से अधिक आयु वर्ग में जिले में पहली डोज का शत प्रतिशत लक्ष्य पार हो गया है। अब तक 101.50 प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है। इस वर्ग में दूसरी डोज 67 प्रतिशत और सतर्कता डोज 69.1 प्रतिशत लोगों को लगाई जा चुकी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने बताया कि किशोरों को दूसरी डोज के लिए सोमवार को मेगा कैंप आयोजित होगा, जिनमें कालेजों में भी बूथ बनाकर किशोरों को टीकाकरण किया जाएगा। डीआईओएस ने बताया कि किशोर वर्ग के लगभग सभी को छात्र-छात्राओं को पहली डोज लग चुकी है। दूसरी डोज के लिए स्वास्थ्य विभाग को कालेजों की सूची उपलब्ध करा दी गई है, ताकि कालेजों में रोस्टर के अनुसार बूथों पर छात्र-छात्राओं को टीके लगवाए जा सके।
आज इन कालेजों में होगा टीकाकरण
शामली ब्लाक:
वीवी इंटर कालेज शामली।
हिंदू कन्या इंटर कालेज शामली।
थानाभवन ब्लाक:
एलएल आर इंटर कालेज थानाभवन।
एलएलआर कन्या इंटर कालेज थानाभवन।
कुड़ाना ब्लाक:
वैदिक कन्या इंटर कालेज कुड़ाना।
देवी उमराकौर इंटर कालेज बनत।
कैराना ब्लाक:
लाल सिंह दास सरस्वती इंटर कालेज कैराना।
सेंट आरसी इंटर कालेज कैराना।
ऊन ब्लाक:
चौ. चरण सिंह उ. मा. विद्यालय ऊन।
चौ. ओमवीर सिंह मैमो. इंटर कालेज ऊन।
कांधला ब्लाक:
राजकीय इंटर कालेज कांधला।
श्री चंदनलाल नेशनल इंटर कालेज कांधला।